मिर्जापुर में दो प्रार्थना स्थलों को किया गया ध्वस्त, इस मामले में हुई कार्रवाई

मिर्जापुर: जंगल महाल स्थित कुम्हिया और बेलखरा की वन भूमि पर बने दो प्रार्थना स्थलों को पुलिस अधीक्षक अभिनंदन व एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा की मौजूदगी में बुलडोजर से ढहा दिया गया। अतिक्रमण एवं अवैध कब्जा के इस मामले में वन और राजस्व कर्मियों की ओर से आरोपियों के खिलाफ वीते नवंबर माह में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे।

शासन को खुफिया जानकारी मिली थी कि जमालपुर ब्लॉक में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से सरकारी पहाड़ खाते, वन तथा राजस्व की जमीन कब्जा करके एक दशक से प्रार्थना स्थल का निर्माण कराकर मतांतरण कराया जा रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शासनस्तर से जांच कराई गई।

दर्ज कराए गए थे तीन अलग-अलग मुकदमे

उधर, वन तथा राजस्व कर्मियों द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने जंगल महाल के कुम्हिया, बेलखरा में बने प्रार्थना स्थल का अभिलेखीय साक्ष्य संकलित किया। जिसमें अवैध रूप से कब्जा करके प्रार्थना स्थल का निर्माण कराकर मतांतरण का मामला सामने आया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ वन तथा राजस्व कर्मियों की ओर से बीते नवंबर माह में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे।