यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम, डीजीपी बोले- भ्रामक खबरों पर तुरंत दर्ज होगी FIR

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 60,244 पुलिस आरक्षी पदों के लिए सीधी भर्ती परीक्षा शुक्रवार को कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच प्रदेश के 67 जिलों में स्थित 1174 परीक्षा केंद्रो में हो रही है। 31 अगस्त तक पांच दिनो में होने वाली इस परीक्षा में 60 लाख से अधिक अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। परीक्षा केंद्रो पर अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न करायी जायेगी।

पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने पत्रकारों से कहा कि 67 जिलों में पांच दिनो तक चलने वाली परीक्षा में 60 लाख से ज्यादा बच्चे शामिल होगे। यह परीक्षा हर दिन दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा को निर्विघ्न और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिये सभी जगह पुलिस के अधिकारी तैनात हैं। इस बार ऐसी व्यवस्था की गई है कि किसी को कोई असुविधा ना हो।

गलत और भ्रामक सूचनाओं पर होगी कार्रवाई

डीजीपी ने कहा कि जहां-जहां से भी गड़बड़ी की सूचनाएं मिल रही है, सभी जगह एफआईआर दर्ज की गई है। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने में विघ्न डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा। चाहे वह व्यक्ति कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो। अभी तक कहीं से भी प्रश्न पत्र लीक होने की कोई सूचना नहीं है। जो लोग भी भ्रामक खबरें फैला रहे हैं उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती की परीक्षा को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंध किये हैं। हर परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है जबकि केंद्र में अभ्यर्थियों की संख्या के अनुरूप केंद्र पर्यवेक्षक के रूप में पुलिस उपाधीक्षक से लेकर सब इंस्पेक्टर मौजूद हैं,वहीं सीसीटीवी कैमरों से गहन निगरानी की जा रही है। सभी अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन के बाद भी उन्हे परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। ये परीक्षाएं 23, 24, 25 और 30, 31 अगस्त को प्रदेश के सभी 67 जनपदों के 1174 सेंटर पर आयोजित की जा रही है।