वाराणसी: गोदौलिया से दशाश्वमेध क्षेत्र को नो वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा। यह निर्णय बुधवार को नगर निगम में हुई टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में लिया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने फेरी पटरी वालों से कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां सड़क पर कोई कारोबार नहीं करेगा। साथ ही यहां सड़कों पर वाहनों की पार्किंग नहीं होगी।
बैठक में यह भी तय हुआ कि पूर्व में जो वेंडिंग जोन निर्धारित थे। उनकी जियो टैगिंग कराई जाएगी। सर्वे के दौरान पटरी वालों को आईकार्ड, प्रमाणपत्र और बारकोड जारी किया जाएगा। वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पथ विक्रेता (जीविका सुरक्षा एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 के तहत नवनिर्वाचित टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों ने समस्या रखी। नए वेंडिंग जोन के लिए सदस्यों से ही प्रस्ताव मांगें। इनका सर्वे कराने के बाद नए वेंडिंग जोन घोषित किए जाएंगे।
वेंडिंग जोन के विस्तारीकरण के लिए अगले माह बैठक होगी। इसमें राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक निगम ने कहा कि वाराणसी के सभी फ्लाईओवर के नीचे मॉर्डन वेंडिंग जोन बनाया जाए। स्ट्रीट फूड वेंडरों के लिए मॉडल स्ट्रीट फूड हब बनाया जाए।
इसमें शत प्रतिशत पटरी व्यवसायियों को समायोजित किया जाए। जब तक नए वेंडिंग जोन के विस्तारीकरण की प्रक्रिया पूर्ण ना हो जाए तब तक अधिनियम का अनुपालन किया जाना दैनिक आजीविका चलाने के लिए न्यायहित निर्णय होगा। बैठक में पार्षद मदन दुबे, पार्षद प्रवीण राय, अनिल कुमार, रंजना गौड़, पूजा रामलख्यानी शामिल रहे।