काशी विश्वनाथ मंदिर में प्लास्टिक पर बैन, जारी हुआ आदेश

वाराणसी : प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक है और मंदिरों में प्लास्टिक के प्रवेश के साथ ही लोग अक्सर गर्भगृह में भी प्लास्टिक फेंक देते हैं. जो निश्चित तौर पर अच्छी बात नहीं है. इन सारी चीजों को देखते हुए वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के मंदिर में अब किसी भी तरह का प्लास्टिक पूर्णतया प्रतिबंधित कर दिया गया है. श्री काशी विश्वनाथ धाम को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त परिसर घोषित किया गया है.

2024 में लिया गया निर्णय अब लागू : मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि यह निर्णय दिसंबर 2024 को ही ले लिया गया था, जब बोर्ड की बैठक विश्वनाथ मंदिर में हुई थी. इसमें यह स्पष्ट हो गया था कि मंदिर को पूर्णतया प्लास्टिक प्रतिबंधित क्षेत्र बनाना है जिसे लेकर लगातार कवायत की जा रही थी, महाकुंभ में भी लोगों को जागरूक करने के साथ सावन के महीने में प्लास्टिक के पात्र अन्य चीजों को मंदिर में लाने से रोका गया था. सावन खत्म होने के बाद मंदिर में इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार 11 अगस्त से मंदिर परिसर को प्लास्टिक मुक्त परिसर घोषित करते हुए प्लास्टिक पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया है.

जिसके बाद मंदिर न्यास के अधिकारीगण, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, विशेष कार्याधिकारी एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में, धाम के समीप स्थित गेट नंबर 4 से ढुण्ढिराज एवं माता विशालाक्षी मंदिर क्षेत्र के समस्त पुष्प-माला विक्रेताओं को पुनः प्लास्टिक मुक्त धाम अभियान के संबंध में अवगत कराया गया.

प्लास्टिक का कोई भी सामान होगा प्रतिबंधित : मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि धाम परिसर में किसी भी प्रकार का प्लास्टिक लेकर प्रवेश पूर्णतः वर्जित होगा. प्लास्टिक की टोकरी, प्लास्टिक लोटा इत्यादि सामग्री के साथ भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. मंदिर न्यास निरंतर 1 माह से अभियान चलाकर प्लास्टिक मुक्ति के प्रयास कर रहा है. दिनांक 7 अगस्त, 2025 को प्लास्टिक मुक्त धाम पहल के अंतर्गत मंदिर न्यास, स्थानीय जनप्रतिनिधि विधायक नीलकंठ तिवारी, क्षेत्रीय पार्षद कनकलता तिवारी एवं अन्य कई सभा सदगण ने मंदिर परिसर के दुकानदारों को पारंपरिक एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों के उपयोग हेतु प्रेरित किया गया था.

प्लास्टिक की जगह इस्तेमाल होंगी बांस की टोकरियां : इस दौरान बांस की टोकरियां एवं स्टील के लोटे वितरित किए गए थे. प्लास्टिक मुक्त धाम अभियान के अंतर्गत, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से 12 जुलाई, 2025 से एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया था. इस अभियान के तहत नगर निगम, वाराणसी ने श्रावण मास के अवसर पर प्लास्टिक मुक्त अभियान यात्रा का श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा गेट नंबर 4 पर स्वागत किया था. नगर निगम, वाराणसी के जन-जागरूकता यात्रा अंतर्गत कांवड़ यात्रा मार्ग को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया गया था.