लखनऊ में बनेगा हैदराबाद की इंग्लिश-फॉरेन लैंग्वेज यूनिवर्सिटी का कैंपस, सरकार ने दी 2.32 हेक्टेयर जमीन मात्र ₹1 की लीज पर

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को अंग्रेजी व विदेशी भाषा विश्वविद्यालय हैदराबाद के लखनऊ कैंपस के लिए स्थायी परिसर निर्माण के लिए 2.3239 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित कर दी है. सरकार ने यह भूमि ग्राम चकौली, परगना बिजनौर, तहसील सरोजनी नगर में दी है, और यह विश्वविद्यालय को मात्र 1 रुपये प्रतिवर्ष की लीज पर दी गई है.

विभिन्न भाषाओं के पाठ्यक्रम होंगे संचालित : स्थायी परिसर में बी.ए. (ऑनर्स) अंग्रेजी, एमए अंग्रेजी, एमए भाषाविज्ञान, एमए अंग्रेजी साहित्य, पीजीडीटीई और पीएचडी जैसे नियमित कार्यक्रमों के साथ-साथ फ्रेंच, जर्मन, रूसी और स्पेनिश भाषाओं के अंशकालिक पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे. वर्तमान में विश्वविद्यालय अस्थायी रूप से आरटीटीसी कॉम्प्लेक्स, कानपुर रोड, लखनऊ में संचालित हो रहा है.

युवाओं को वैश्विक अवसर दिलाने की प्रतिबद्धता : भूमि हस्तांतरण समारोह में मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को वैश्विक स्तर की भाषाई शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने विश्वास जताया कि स्थायी परिसर के निर्माण से शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं में अभूतपूर्व वृद्धि होगी. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन. नागराजू ने उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भूमि हस्तांतरण संस्थान के दीर्घकालिक विकास के लिए ऐतिहासिक कदम है और लखनऊ परिसर को भाषाई शिक्षा एवं अनुसंधान का उत्कृष्ट केंद्र बनाया जाएगा.