लखनऊ: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का एक बार फिर बड़ा एक्शन सामने आया है. शुक्रवार को प्रवर्तन टीम ने गोसाईंगंज, बीबीडी, सैरपुर, काकोरी व चिनहट थानाक्षेत्र में 100 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में चल रही 09 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया. वहीं, इंदिरा नगर में मैरिज लॉन व गुड़म्बा में एक व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को सील किया गया.
प्रवर्तन जोन एक के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि बीबीडी थानाक्षेत्र के नूरपुर बेहटा में करीब 26 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनियां विकसित की जा रही थीं। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया. प्रवर्तन जोन दो के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गोसाईंगंज के ग्राम-परेहटा में 4 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था. इन दोनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया गया.
प्रवर्तन जोन तीन के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि काकोरी के ग्राम-तेजखेड़ा में 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग करायी जा रही थी। इन दोनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया. प्रवर्तन जोन चार की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि सैरपुर के ग्राम-पलहरी में लगभग 60 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी. प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही थी. इस अवैध प्लाटिंग पर सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल व साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया.
इंदिरा नगर में अवैध मैरिज लॉन सीलः प्रवर्तन जोन पांच के जोनल अधिकारी विराग करवरिया ने बताया कि चिनहट के हरदासी खेड़ा में लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी, जिसे अभियान के तहत ध्वस्त कर दिया गया. इसके अलावा 4,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में लॉन संचालित किया जा रहा था. वहीं गुड़म्बा में कुर्सी रोड पर पलका चौराहे के पास लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था. प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया.