लखनऊ : बिहार के दरभंगा में कांग्रेस-आरजेडी की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ी निंदा की है. दोनों नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादा और भारतीय संस्कृति पर हमला बताया. मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह सिर्फ पीएम मोदी का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है. जिस प्रकार के अभद्र और अशिष्ट नारे लगाए गए हैं, अत्यंत निंदनीय और राजनीति के गिरते हुए अमर्यादित चरित्र को दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि एक साधारण मां के संघर्ष और संस्कारों ने पीएम मोदी जैसे राष्ट्रसेवक को गढ़ा, जो आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं. योगी ने विश्वास जताया कि बिहार की जनता इस घृणित राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी.
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताया. उन्होंने कहा कि यह हमला 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं पर है. मौर्य ने कांग्रेस और आरजेडी पर परिवारवाद और नफरत की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार की जनता अब जंगलराज नहीं, बल्कि विकास चाहती है.
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी यात्रा विफल हो चुकी है और जनता भ्रष्टाचार के आरोपियों पर भरोसा नहीं करती. मौर्य ने मांग की कि राहुल गांधी को इस अभद्र भाषा के लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए.
दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेस-आरजेडी की गाली-गलौज की राजनीति के खिलाफ जनता वोट से जवाब देगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि मोदी सरकार विकास और सम्मान की राह पर है, जबकि विपक्ष केवल झूठ और अपमान की राजनीति कर रहा है. बिहार की जनता अब विकास, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देती है.