गुवाहाटी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुवाहाटी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए 2026 असम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का रणघोष कर दिया. उन्होंने ऐलान किया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई में बीजेपी तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगी.
शाह को असम की प्राचीन अहोम सामुदायिक युद्ध तलवार ‘हेंगदांग’ और सांस्कृतिक वाद्य ‘भोरताल’ भेंट कर सम्मानित किया गया.
कांग्रेस और गौरव गोगोई पर तीखा हमला
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने बिना नाम लिए गौरव गोगोई पर निशाना साधा और कहा, “जो नेता बार-बार पाकिस्तान जाता है, वह असम का नेतृत्व नहीं कर सकता. जो भ्रष्ट है, वो भी असम का नेतृत्व नहीं कर सकता.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने असम को घुसपैठियों के हवाले कर दिया था, लेकिन मोदी सरकार के आने के बाद से अब पूर्वोत्तर में शांति का माहौल है.
बीजेपी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां
शाह ने कहा, “पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर में शांति की नींव रखी है और हिमंता बिस्वा सरमा की सरकार ने विकास को हर गांव तक पहुंचाया है.”
उन्होंने विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए बताया, ब्रह्मपुत्र नदी पर 6 नए पुलों का निर्माण
Advantage Assam अभियान के तहत 5.14 लाख करोड़ रु का निवेश, जिसमें से 1.40 लाख करोड़ रु. लागू
1 लाख नौकरियों का वादा, 1.31 लाख नियुक्तियाँ पूरी — पूरी पारदर्शिता के साथ
10,000 से अधिक युवाओं का मुख्यधारा में लौटना (शांति समझौतों के जरिए)
बाल विवाह, घुसपैठ और अतिक्रमण पर सख्ती
शाह ने कहा कि हिमंता सरकार ने बाल विवाह पर कठोर कार्रवाई करते हुए दोषियों को जेल भेजा और शिक्षा हेतु योजनाएं शुरू कीं. उन्होंने कहा कि, “हमने लाखों एकड़ अतिक्रमित भूमि को खाली कराया है. कांग्रेस शासन में सतरा भूमि पर हुआ अतिक्रमण अब खत्म कर दिया गया है.” अब तक 1,19,548 एकड़ भूमि, जिसमें 87 एकड़ वन भूमि और 26 एकड़ सरकारी भूमि शामिल है, को अतिक्रमण मुक्त किया जा चुका है.
पंचायती सम्मेलन में शक्ति प्रदर्शन
गुवाहाटी के खानापारा में हुए एनडीए के पंचायती प्रतिनिधियों के इस सम्मेलन में लगभग 20,000 चुने हुए प्रतिनिधि शामिल हुए. इसमें 16,000+ बीजेपी और 1,500+ असम गण परिषद (AGP) के सदस्य थे. कर्बी और दीमा हासाओ जैसे स्वायत्त परिषदों से भी प्रतिनिधियों ने भाग लिया.