सीएम योगी की कड़ी चेतावनी: समस्याओं में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, PET पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर

लखनऊ : मुख्यमंत्री ने रविवार को देर रात प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन, आगामी त्योहारों की तैयारियों, बाढ़ की स्थिति, डेंगू नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे विषयों पर समीक्षा बैठक की. इस दौरान सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में मौजूद रहे.

‘बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही’ : मीडिया सेल की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘जन शिकायतों और समस्याओं के समाधान में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त हो रही प्रत्येक जन शिकायत और समस्या का शिकायतकर्ता की दृष्टि से संतुष्टिपरक समाधान होना ही चाहिए. सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है. जनहित सबसे पहले है.’

‘एंटी रोमियो स्क्वॉड की गतिविधियां और सक्रिय की जाएं’ : समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि सभी जिलों में एंटी रोमियो स्क्वॉड की गतिविधियां और सक्रिय की जाएं. आगामी नवरात्र में ‘मिशन शक्ति’ का नया चरण शुरू होगा, जिसके लिए सभी जिलों को अभी से व्यापक तैयारियां कर लेनी चाहिए. बैठक में मुख्यमंत्री ने आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त जन शिकायतों की मंडलवार, जनपदवार, तहसीलवार, जोनवार, रेंजवार, जिला पुलिस और थाना स्तर पर रैंकिंग जारी की.

1479 केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा : बैठक में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने आगामी छह और सात सितम्बर को प्रस्तावित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की. मुख्यमंत्री को बताया गया कि परीक्षा 48 जिलों में बनाए गए 1479 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 25.31 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए.

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई : उन्होंने निर्देश दिए कि प्रश्न पत्रों की गोपनीयता, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती, लाइव सीसीटीवी कंट्रोल रूम, नगर यातायात व्यवस्था और बारिश के मौसम में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंधन सुनिश्चित किए जाएं. परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस-प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश : संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि हर पीड़ित की भावना का सम्मान करते हुए पूरी संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि मिथ्या या भ्रामक रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अनिवार्य रूप से होगी. मुख्यमंत्री ने हाल के पर्व-त्योहारों के सकुशल सम्पन्न होने पर खुशी जाहिर की और आगामी बरावफात, अनंत चतुर्दशी व विश्वकर्मा पूजा को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन को पहले से अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए.

सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश : उन्होंने कहा कि राहत कार्यों को और प्रभावी बनाया जाए. इनमें जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन अवश्य लिया जाए. बरसात के मौसम में बीमारियों की आशंका को देखते हुए उन्होंने नगर निकायों को जलभराव की तत्काल निकासी व सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया. उन्होंने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन करने और सर्पदंश के उपचार के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा.

चौकसी और कड़ी मॉनीटरिंग करने के निर्देश : नकली दवाओं की बिक्री पर गंभीर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में ऐसी एक भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं होगी. प्रशासन को चौकसी और कड़ी मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री ने खरीफ सीजन के लिए खाद की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा. उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के किसी भी किसान को खाद की कमी न हो. आपूर्ति की सघन निगरानी की जाए. कालाबाजारी या जमाखोरी पर कठोरतम कार्रवाई की जाए.