नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सिंतबर यानि मंगलवार को बाढ़ से संबंधित स्थिति की समीक्षा के लिए पंजाब और हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे. पीएम मोदी दोपहर लगभग 1:30 बजे, वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंचेंगे, जहां वह अधिकारियों से मिलेंगे और स्थिति पर एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. प्रधानमंत्री कांगड़ा में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा आपदा मित्र टीम से भी मिलेंगे.
इसके बाद, प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 3 बजे पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. वह शाम लगभग 4:15 बजे गुरदासपुर पहुंचेंगे, जहां वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे और ज़मीनी स्थिति पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे.
वह गुरदासपुर में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों के साथ-साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीम से भी बातचीत करेंगे. प्रधानमंत्री की प्रत्यक्ष समीक्षा का उद्देश्य इस कठिन समय में दोनों राज्यों के लोगों की सहायता के लिए राहत और पुनर्वास प्रयासों की बारीकी से निगरानी करना है.
पंजाब में इन दिनों बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं, जिससे प्रदेश के करीब सभी जिलों में काफी नुकसान हुआ है. उधर, हिमाचल में बादलों के फटने के साथ ही भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है. पंजाब और हिमाचल प्रदेश दोनों ही राज्यों में हजारों करोड़ रुपये के नुकसान के साथ सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है. हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिया था.
पंजाब में स्थिति को समझेंगे प्रधानमंत्री
बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे पंजाब को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने गहरी चिंता जताई है और उन्होंने हालात का जायजा लेने का फैसला लिया है. इस बारे में पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 9 सितंबर को पंजाब का दौरा करेंगे. इस दौरान पीएम स्थानीय हालातों को पास से समझेंगे और प्रभावित लोगों को अधिकतम सहायता पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे. जाखड़ ने पोस्ट में लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी पंजाब में बाढ़ की स्थिति को लेकर बहुत चिंतित हैं और इस पर लगातार नजर रख रहे हैं. वे 9 सितंबर को पंजाब का दौरा कर रहे हैं, जिससे वे खुद स्थिति का जायजा ले सकें और ग्राउंड वास्तविकता को समझ सकें, जिससे पंजाब के लोगों को अधिक से अधिक मदद पहुंचाई जा सके. वहीं पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए भेजी गई केंद्र सरकार की दो टीमें अपने दौरे के बाद केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी.
हिमाचल में हवाई सर्वेक्षण कर सकते हैं पीएम
प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल प्रदेश में चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई सर्वे भी कर सकते हैं. इस बारे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि पीएम मोदी का कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में दौरा 9 तारीख को प्रस्तावित है. प्रधानमंत्री को हिमाचल में आपदा से हुए नुकसान पर विस्तृत रिपोर्ट भी पेश की जाएगी और उनसे रिलीफ फंड भेजने की भी मांग की जाएगी. इस दौरान अगर मौसम ठीक रहा, तो पीएम मोदी प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेझण भी कर सकते हैं
हिमाचल प्रदेश में 20 जून से सात सितंबर के बीच में भारी बारिश की वजह से बादल फटने के अलावा अचानक बाढ़ आने और भूस्खलन की घटनाएं होने से करीब 4,080 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है. बताया जाता है कि पीएम मोदी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के अलावा कांगड़ा एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और अफसरों के साथ बैठक भी करेंगे. इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहेंगे. पीएम मोदी का हेलिकॉप्टर 11: 15 गग्गल एयरपोर्ट पर लैंड करेगा. यहां सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करदी गई है. एसपीजी की टीम धर्मशाला पहुंच चुकी है.