अमेरिकी टैरिफ से मुकाबले को लेकर योगी सरकार ने बनाई रणनीति, निर्यातकों को मिलेगा विशेष समर्थन: MSME मंत्री राकेश सचान

कानपुर: ‘अमेरिकी टैरिफ भले ही लागू कर दिया गया, लेकिन मैं आपसे बता दूं, सीएम योगी से मेरी रोजाना इस मुद्दे पर चर्चा होती है. सीएम ने कहा है, कि उद्यमियों और निर्यातकों को इस मुसीबत से निकालने के लिए सरकार अपना खजाना खोल देगी. 100, 200, 300 करोड़ रुपए की जो भी सरकार से चाहिए वह होगी. यूपी सरकार ने निर्यात प्रोत्साहन नीति को मंजूरी दी है. इस नीति के तहत सरकार निर्यातकों की मदद करेगी.’ यह बातें प्रदेश के MSME मंत्री राकेश सचान ने कानपुर में सोमवार को कहीं.

कानपुर के पनकी स्थित इंडियन इंडस्ट्री भवन में आयोजित प्रदेश के पहले उद्यमी संवाद कार्यक्रम में पहुंचे एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि भारतीय बाजारों में अब चमड़े के उत्पाद पहुंचाए जाएंगे. उद्यमियों से नगर निगम जो नामांतरण शुल्क लेता रहा है, उसे खत्म कराएंगे. उन्होंने उद्यमियों की कई समस्याओं को सुना और समय से उनके समाधान की बात कही. कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव एमएसएमई आलोक कुमार, उद्योग निदेशक के. विजयेंद्र पांडियन, सीएलई चेयरमैन आरके जालान, आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश्य, आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आलोक अग्रवाल आदि मौजूद रहे.
हर जिले में क्वालिटी सर्टिफिकेशन लैब: अपर मुख्य सचिव एमएसएमई आलोक कुमार ने कहा कि सूबे के लाखों उद्यमियों को सरकार जल्द बड़ी राहत देने वाली है. उद्यमियों के उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए अब हर जिले में क्वालिटी सर्टिफिकेशन लैब होंगी. इसके लिए अभी तक उद्यमियों को दिल्ली, चेन्नई समेत अन्य शहरों तक भागदौड़ करनी पड़ती थी. अब इस झंझट से मुक्ति मिल जाएगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जारी रिपोर्ट में हमने यूपी में साल 2023-24 में 3000 से अधिक औद्योगिक इकाईयां खोली थीं. साल 2024-25 में ये आंकड़ा 4000 से अधिक है. साल 2025-26 में हमने 8000 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को स्थापित करने का लक्ष्य रखा है.
आपदा को अवसर में बदलेंगे: कार्यक्रम में उद्योग निदेशक के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि जिस तरह आप सभी ने कोविड काल के दौरान आपदा को अवसर में बदला. ठीक वैसा ही समय फिर आ गया है. दुनिया में 175 से अधिक देश हैं, जिनमें से 40 से अधिक विकसित देश हैं. अगर अमेरिका से कारोबार खत्म होता है, तो हम अन्य देशों की ओर अपने कारोबार का विस्तार करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रोडक्ट लाइन को हमें चेंज करना होगा. उन्होंने कहा कि उद्यमी बस इतना जान लें, कि सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है.

उद्यमियों ने अपनी समस्याएं गिनाईं: उद्यम संवाद कार्यक्रम के दौरान कानपुर के उद्यमियों ने एमएसएमई मंत्री राकेश सचान के सामने अपनी समस्याएं गिनाईं. उद्यमियों ने कहा कि शहर के औद्योगिक क्षेत्रों की बड़ी दुर्दशा है. टूटी सड़कें हैं. बारिश में टापू सा नजारा होता है. बिजली जाती है, तो करोड़ों रुपए का नुकसान होता है. एमएसएमई मंत्री ने उद्योग निदेशक से कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं.