सीएम योगी ने लॉन्च किया मिशन शक्ति 5.0 अभियान, बोले- 2017 के पहले प्रदेश में महिला योजनाओं पर डकैती पड़ती थी

लखनऊ: मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 1,647 थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का बटन दबाकर उद्घाटन किया. साथ ही, मिशन शक्ति केंद्रों की SOP पुस्तिकाओं, बुकलेट और ‘सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ फोल्डर का विमोचन भी किया. सीएम ने कहा कि पहले बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, लेकिन आज वे खुद अपने रास्ते बना रही हैं.

उन्होंने कहा कि नारी सम्मान उनकी प्राथमिकता है. यही वजह है कि 2017 के बाद से प्रदेश में महिलाओं की स्थिति में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है. सरकार की नीयत साफ होती है, तो योजनाएं खुद अपना रास्ता बना लेती हैं.

मिशन शक्ति का 5वें चरण की शुरुआत: सीएम योगी ने कहा कि मिशन शक्ति के 5वें चरण का शुभारंभ करते हुए गर्व हो रहा है. पांच साल पहले, 2020 में इस अभियान की शुरुआत के समय लोग संशय में थे कि क्या होगा, कैसे होगा, इसकी थीम क्या होगी? लेकिन मिशन शक्ति को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जोड़कर इसे नारी गरिमा के अनुरूप ढाला गया. आज इसके सकारात्मक परिणाम सबके सामने हैं.

महिला पुलिस कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 44 हजार हुई: उन्होंने कहा कि इस अभियान ने नारी को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का मार्ग दिखाया है, जिसे तेजी से आगे बढ़ाया गया. आजादी के बाद से 2017 तक पुलिस में महिला कर्मचारियों की संख्या महज 10,000 थी, लेकिन 2017 से अब तक यह संख्या 44,000 से अधिक हो गई है. हर भर्ती में 20% महिलाओं को अनिवार्य रूप से शामिल किया जा रहा है. उनको समय पर ट्रेनिंग दी जा रही है. हाल ही में संपन्न 60,200 पुलिस कर्मचारियों की भर्ती में 12 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हुई हैं, जो वर्तमान में ट्रेनिंग ले रही हैं.

विभागों में भी महिला भर्ती को बढ़ावा दिया: मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और अन्य विभागों में भी महिला भर्ती को बढ़ावा दिया गया. 2017 से पहले ट्रेनिंग की कमी एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में ही 60,200 से अधिक पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग संभव हो रही है. इसके अलावा, बेसिक शिक्षा परिषद के 1.60 करोड़ से अधिक बच्चे पढ़ रहे हैं, जहां 2017 से पहले 70-75% बेटियां नंगे पांव और पुराने कपड़ों में स्कूल जाती थीं.

सीएम योगी ने सुनायी, बुंदलेखंड की बच्ची की कहानी: सीएम ने बताया कि बुंदेलखंड दौरे के दौरान उन्होंने एक बच्ची से बात की, जिसने कहा, ‘मेरे भाई के लिए जूते आए, लेकिन मुझे नहीं, क्योंकि मैं बेटी हूं.’ इस घटना ने उन्हें प्रेरित किया और अब हर बच्चे के लिए दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते, मोजे और स्वेटर की व्यवस्था की गई, जिसकी लागत 1,200 रुपये प्रति बच्चे है.

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से फायदा: मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना पर कहा कि बेटी के जन्म से स्नातक तक 25,000 रुपये का पैकेज दिया जाता है. जन्म पर 5,000 रुपये, एक वर्ष पर 2,000 रुपये (टीकाकरण के बाद), पहली और छठी कक्षा में 3,000-3,000 रुपये, 9वीं में 5,000 रुपये और 12वीं पास करने पर 7,000 रुपये दिए जाते हैं. इस योजना से 26 लाख से अधिक बेटियां सीधे लाभान्वित हो रही हैं.

हर कल्याणकारी योजना नारी केंद्रित: मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना, फिट इंडिया मूवमेंट, स्वच्छ भारत मिशन (12 करोड़ शौचालय), उज्ज्वला योजना (10 करोड़ कनेक्शन) से महिलाओं के चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिली है. आयुष्मान भारत (50 करोड़ लाभार्थी) और 80 करोड़ को मुफ्त राशन जैसी योजनाओं को नारी गरिमा से जोड़ा.

60 लाख गरीबों को आवास दिए गये: उन्होंने कहा प्रदेश ने 3 करोड़ ग्रामीण भू-अभिलेख में 1 करोड़ से अधिक महिलाओं के नाम किए और 60 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध कराए गए. बेटी के रोजगार पर भी डकैती पड़ती थी. उसके लिए शासन ने कोई योजना बनाई भी तो योजनाओं पर डकैती कैसे पड़ती थी, पोषाहार मिशन उसका एक उदाहरण है. कोरोना काल में शुरू की गई बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंस सखी योजना से 40,000 से अधिक महिलाएं हजारों करोड़ का लेन-देन कर रही हैं और मुनाफा कमा रही हैं.

पोषाहार मिशन में ठेकेदार करते थे धांधली: पोषाहार मिशन में पहले ठेकेदारों की धांधली थी, लेकिन अब 204 टेक होम राशन प्लांट से 60,000 महिलाएं 8,000 रुपये प्रति माह कमा रही हैं, और 2 करोड़ बहनें लाभान्वित हो रही हैं. सीएम योगी ने कहा कि 1 जनवरी 2024 से अगर सिर्फ 2024-25 तक के मामले देखें तो 9,513 मामलों में 12,271 अपराधियों को दंडित किया गया, 12 को मृत्युदंड, 987 को आजीवन कारावास, 3,455 को 10 साल से अधिक, और 60X,817 को 10 साल से कम सजा दिलाई गई.

शूटर बोला- गलती से यूपी आ गया, आगे नहीं करूंगा: सीएम योगी ने बरेली में हुए एक एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि बाहरी अपराधियों ने महिला सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से वह चिल्लाया, ‘गलती से उत्तर प्रदेश आ गया, आगे नहीं करूंगा.’ यह अपराधियों के लिए चेतावनी है.

हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र और महिला बीट अधिकारी: सीएम योगी ने मिशन शक्ति के तहत ‘सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ फोल्डर और महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन (1090, 181, 112, 1930, 1076, 102, 101, 108, 1098) की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र और महिला बीट अधिकारी तैनात होंगे. 21 सितंबर को बाइक रैली होगी और नवरात्रि के दौरान मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी.

इस अवसर पर दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबीरानी मौर्य, महापौर सुषमा खर्कवाल, मुख्य सचिव दीपक कुमार, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, पुलिस महादनिदेशक राजीव कृष्ण समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी व अन्य लोग मौजूद रहे.