मिर्जापुर में बीजेपी कार्यकर्ता को चौकी इंचार्ज ने मारा थप्पड़; एसएसपी ने किया सस्पेंड, डिपार्टमेंटल इंक्वायरी शुरू

मिर्जापुर: जनपद में बीजेपी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने वाले चौकी इंचार्ज को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया. इस बदसलूकी के विरोध में दर्जा प्राप्त मंत्री सोहन श्रीमाली ने भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता के साथ धरना शुरू कर दिया था और आरोपी चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की.

चौकी इंचार्ज सुनील कुमार राय सस्पेंड: बीजेपी नेता मनोज जायसवाल ने बताया कि बीजेपी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने के विराध में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सोहन श्रीमाली भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बारिश के पानी में भीगते हुए धरने पर बैठ गए. सोहन श्रीमाली ने बताया कि बीजेपी कार्यकर्ता के साथ एक चौकी इंचार्ज ने बैंक में बदसलूकी की थी. भाजपा नेता कार्रवाई की मांग पर डटे रहे. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने चौकी इंचार्ज सुनील कुमार राय को निलंबित कर दिया, तब जाकर भाजपा नेताओं ने धरना समाप्त किया.

भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सिंह को पीटा: बीजेपी नेता मनोज जायसवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सिंह बाजीराव कटरा के एक बैंक में अपने काम से गए थे. इस दौरान बेलतर चौकी इंचार्ज ने बदसुलूकी की. उनको मारते पीटते हुए जीप में बिठा कर थाने ले गया. इससे नाराज बीजेपी कार्यकर्ता कटरा थाने पहुंच गए.

राज्यमंत्री के साथ बीजेपी कार्यकर्ताओं का धरना: चौकी इंचार्ज सुनील कुमार राय के खिलाफ धरने पर बैठकर कार्रवाई की मांग करने लगे. घंटों प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ पुलिस सोमेन बर्मा ने बेलतर चौकी इंचार्ज सुनील कुमार राय को दुर्व्यहार किये जाने की रिपोर्ट प्राप्त होने पर सस्पेंड कर दिया है. उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गयी है.

पुलिसकर्मी को गुंडई करनी है, तो वर्दी उतार कर आए: दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सोहन श्रीमाली ने कहा कि अगर किसी पुलिसकर्मी को गुंडई करनी हो, तो अपनी वर्दी उतार कर आए. बाजार और सड़क पर आओ हम छोड़ने वाले नहीं हैं. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने प्रेस नोट के माध्यम से बताया कि सुनील कुमार राय ने एक व्यक्ति के साथ दुर्व्यहार किया थी. इसकी रिपोर्ट प्राप्त होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है.