अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार 24 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर लिखी गयी पुस्तकों की प्रदर्शनी लगायी गयी है. प्रधानमंत्री के 75 वें जन्मदिन के अवसर पर यह प्रदर्शनी लगायी गयी है. नरेंद्र मोदी और अन्य लेखकों द्वारा लिखी गई 150 से ज्यादा पुस्तकों की प्रदर्शनी शहर के एम.जे. पुस्तकालय में लगाई गई है. इस पुस्तकालय के अलावा, ये पुस्तकें इससे जुड़े 7 अन्य पुस्तकालयों में भी रखी गई हैं.
अहमदाबाद नगर निगम की महापौर प्रतिभा जैन ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न सेवा प्रकल्पों का आयोजन किया गया है. इसी के एक भाग के रूप में यह प्रदर्शनी आयोजित की गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है. नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित डेढ़ सौ से अधिक पुस्तकें और उनके द्वारा लिखित पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया.”
प्रतिभा जैन ने बताया कि प्रतिदिन 2,000 से अधिक पाठक इसका लाभ उठा रहे हैं. यह प्रदर्शनी 02 अक्टूबर 2025 तक जारी रहेगी. सभी विद्यार्थियों और नागरिकों से इस प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की. कहा कि, इन पुस्तकों को पढ़कर लोग अपने जीवन में राष्ट्रहित, नैतिक मूल्यों, संस्कृति और सभ्यता का निर्माण कर सकते हैं.
किन-किन पुस्तकालयों में लगी प्रदर्शनीः
सेठ मानेकलाल जेठाभाई पुस्तकालय, एलिसब्रिज
गच्छाधिति आचार्यश्री सुबोधसागर सूरीश्वरजी शाखा पुस्तकालय, वासना
आत्म विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी शाखा पुस्तकालय, मणिनगर
घाटलोदिया नगर पुस्तकालय, चाणक्यपुरी ब्रिज के नीचे
नारणपुरा नगर पुस्तकालय, डी.के. पटेल हॉल, नारणपुरा
श्री वाल्मीकि ऋषि नगर पुस्तकालय, गणेश चौक, ओधव
ठक्करबापा नगर नगर पुस्तकालय, कल्याण चौक
परमार किंजल नामक पाठक ने कहा, “मैं इस पुस्तकालय में प्रतिदिन पढ़ने आता हूं. हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में उनके नाम पर लिखी गई पुस्तकों की एक प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसे देखकर मुझे बहुत गर्व हो रहा है. मोदीजी के बारे में बहुत सारी अच्छी और ढेर सारी पुस्तकें लिखी गई हैं. हम आकर इन पुस्तकों को पढ़ रहे हैं, और जरूरत पड़ने पर इन्हें खरीदकर अपने साथ ले जाएंगे.”किंजल जैसे अन्य पाठकों ने भी अच्छी प्रतिक्रिया दी. उनलोगों ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा हमारे देश के प्रधानमंत्री के रूप में किए गए कार्यों और योगदान के बारे में कई किताबे हैं. इन किताबों में उनके जीवन में घटित हर घटना और उनके प्रधानमंत्री बनने के बारे में अच्छी जानकारी दी गई है. इन किताबों को पढ़ने में कई छात्र रूचि दिखा रहे थे.