लखनऊ-कानपुर रूट पर फिर दौड़ेंगी 15 मेमू ट्रेनें, 32 हजार यात्रियों को बड़ी राहत

लखनऊ: कोविड काल में कम दूरी की 15 ट्रेनों को रेलवे बंद कर दिया था. पांच साल बाद अब बेपटरी हुईं इन ट्रेनों को पटरी पर लाने की तैयारी है. उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम की तरफ से रेलवे बोर्ड को इन ट्रेनों के संचालन के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है. जल्द ही मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को ग्रीन सिग्नल मिल सकता है. रेलवे बोर्ड इस प्रस्ताव पर मुहर लगाता है तो कानपुर, बाराबंकी की तरफ हर रोज यात्रा करने वाले 32000 यात्रियों को राहत मिल जाएगी.

दरअसल, कानपुर से लखनऊ के बीच 2019 तक कुल 18 मेमू ट्रेनें संचालित हो रही थीं. इससे लोगों को हर घंटे ट्रेन की सुविधा मिल जाती थी. लेकिन कोविड में बंद होने के बाद अब तक सिर्फ दो मेमू का ही संचालन हो रहा है. जिससे हजारों लोगों को यात्रा करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ट्रेन के सस्ते किराए के बजाय उन्हें बस से महंगा किराया खर्च कर अपना सफर पूरा करना पड़ रहा है. कोरोना काल में मेमू सहित अन्य कई ट्रेनों का संचालन बंद होने के बाद कोविड जब खत्म हुआ तो धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ, लेकिन मेमू का संचालन बंद रखा गया. लखनऊ से बाराबंकी रूट पर भी मेमू का संचालन अब तक बहाल नहीं किया जा सका. लखनऊ-कानपुर रूट पर 18 मेमू (अप और डाउन) संचालित होती थीं, लेकिन वर्तमान में सिर्फ दो मेमू ही चल रहीं हैं. इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है. रेलवे प्रशासन की तरफ से कई बार यात्री एसोशिएशन को पत्र भेजकर बंद पड़ीं मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को बहाल करने की मांग की गई है.मेमू ट्रेनों की ये थी समयसारिणी

ट्रेन नंबर कहां से कहां तक समय
64201 लखनऊ-कानपुर सुबह 4:31 बजे
64251 लखनऊ-कानपुर सुबह 5: 52 बजे
64252 कानपुर-लखनऊ शाम 5: 36 बजे
64201 कानपुर-लखनऊ सुबह 6:22 बजे
64203 लखनऊ-कानपुर सुबह 7:41 बजे
64204 कानपुर-लखनऊ सुबह 8:41 बजे
64205 लखनऊ- कानपुर सुबह 9:55 बजे
64206 कानपुर- लखनऊ सुबह 10: 36 बजे
64207 लखनऊ-कानपुर सुबह 11:33 बजे
64208 कानपुर-लखनऊ दोपहर 12:01 बजे
64210 कानपुर- लखनऊ दोपहर 01: 06 बजे
64209 लखनऊ-कानपुर दोपहर 02:31 बजे
64212 कानपुर-लखनऊ शाम 03:16 बजे
64211 लखनऊ- कानपुर शाम 04:22 बजे
64213 लखनऊ-कानपुर रात 08:43 बजे
64254 कानपुर- लखनऊ रात 11:40 बजे
जल्द ही इन ट्रेनों का संचालन शुरू होगाः लखनऊ से कानपुर रूट की तरह बाराबंकी के लिए भी मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता था, लेकिन कोविड के बाद ये भी बंद हैं. इस रूट पर भी मेमू ट्रेनों का संचालन बंद होने से यात्रियों को दिक्कत हो रही है. उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी का कहना है कि मेमू और पैसेंजर ट्रेनें जो कोविड काल से बंद थीं, उन्हें दोबारा शुरू करने के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है. उम्मीद है कि जल्द ही इन ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा, जिससे यात्रियों को आसानी होगी.