बरेली: शांति से अदा हुई जुमे की नमाज, उपद्रव मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

बरेली: पिछले सप्ताह शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर हिंसा भड़क गई थी. विरोध प्रदर्शनों के हिंसक होने के बाद अब आज की जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट था. जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न हो गई. कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. इस बीच पुलिस ने उपद्रव मामले में दो और गिरफ्तारी की है. आईएमसी प्रवक्ता मुनीर इदरीश और फैजान को मिलाकर अब तक कुल 83 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

जुमे की नमाज को लेकर बरेली जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6000 जवानों की अतिरिक्त फोर्स दूसरे जिलों से मंगाकर तैनात की गई थी. करीब 8500 जवानों की पुलिस फोर्स पूरे जिले की निगरानी में लगाई गई है. इसके साथ ही दशहरा की रात बरेली पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च भी किया था. बरेली के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एके साहनी ने बताया कि शहर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पैदल गश्त कर रही है.

बरेली में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात: डीआईजी साहनी ने बताया, स्थिति पूरी तरह सामान्य है. पुलिस रूट मार्च और पैदल गश्त कर रही है. हम सभी पक्षों से बात कर रहे हैं. सीआरपीएफ और जिला बलों के साथ-साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की 10 कंपनियां यहां तैनात हैं.

पुलिस ने किया फ्लैग मार्च: ADG जोन बरेली रमित शर्मा और कमिश्नर भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को शहर में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और शांति बनाए रखने की अपील की. शहर को 4 सुपर और 4 स्पेशल जोन में बांटा गया है. प्रत्येक सुपर जोन में एक IPS, दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और दो क्षेत्राधिकारी की तैनाती होगी. वहीं हर स्पेशल जोन में एक एडिशनल SP, दो CO और पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है.

मौलाना की अपील का दिखा असर, नमाज के बाद घर लौटे नमाजी: बरेली की आला हजरत दरगाह के मौलाना अहसान रजा खां ने मुसलमानों से शांति बनाए रखने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि हर मुसलमान जुमे की नमाज अदा करने के बाद शांति से अपने घर लौटे. अफवाहों पर ध्यान न दें और अमन कायम रखें. अपील का जिले में सकारात्मक असर देखने को मिला और कहीं कोई घटना नहीं हुई.

बरेली हिंसा-उपद्रव में अब तक 83 गिरफ्तार: वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिंसा के लिए जिम्मेदार उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. इस बीच, पुलिस ने बरेली में 26 सितंबर को हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव नफीस खान और उनके बेटे फरमान खान को गिरफ्तार कर लिया है. शुक्रवार को आईएमसी प्रवक्ता मुनीर इदरीश और फैजान भी गिरफ्तार कर लिए गए. अब इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 83 हो गई है.

नफीस और उसके बेटे ने भीड़ को भड़काया: पुलिस के अनुसार, फरमान आईएमसी का फेसबुक पेज संभालता था. बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि नफीस और उनके बेटे ने खुलासा किया है कि सभी लोग इस साजिश में शामिल थे. उन्होंने जानबूझकर अपील को फर्जी बताकर भ्रम पैदा किया, ताकि भीड़ इकट्ठा हो सके. कुल 83 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया है.

बरेली में 48 घंटे के लिए फिर से इंटरनेट सेवा बंद: आला हजरत दरगाह और आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के घर के बाहर लोगों का एक समूह आई लव मोहम्मद के पोस्टर लिए हुए इकट्ठा हुआ था. शुक्रवार की नमाज के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया था. अशांति के जवाब में, बरेली प्रशासन ने 2 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से 4 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक 48 घंटों के लिए मोबाइल इंटरनेट और ब्रॉडबैंड सेवाओं को निलंबित कर दिया.