पटना/नई दिल्ली: पिछले कुछ समय से कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘जननायक’ कहकह संबोधित करते हैं, जबकि ‘जननायक’ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के लिए प्रयोग होता है. ऐसे में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग कर्पूरी ठाकुर का जन नायक सम्मान चुराने की कोशिश कर रहे हैं.
राहुल गांधी पर पीएम मोदी का तंज: पीएम मोदी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को जननायक सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वाली टीम ने नहीं बनाया. उन्हें जननायक बिहार के लोगों ने बनाया, उनके काम ने बनाया. इसलिए मैं बिहार के लोगों से कहूंगा कि जरा चौकन्ना रहियेगा. उन्होंने कहा कि जननायक पद कर्पूरी ठाकुर पर ही शोभा देता है, क्योंकि आजकल लोग जननायक पद की भी चोरी करने पर लगे हैं.
‘जननायक सम्मान की चोरी करने की कोशिश’: पीएम मोदी ने कहा कि मैं बिहार के लोगों से अपील करूंगा कि हमारे जननायक कर्पूरी ठाकुर का सम्मान कोई चोरी न कर लें. दरअसल पिछले दिनों बिहार में वोट अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को ‘जननायक’ बताया तो हंगामा मच गया था.
“कर्पूरी ठाकुर जी को जननायक बिहार के लोगों ने बनाया, उनके काम ने बनाया. इसलिए मैं बिहार के लोगों से कहूंगा कि जरा चौकन्ना रहियेगा आप लोग, कहीं कोई हमारे जननायक का सम्मान चोरी न कर लें.”- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री’कर्पूरी ठाकुर के नाम पर कौशल विश्वविद्यालय’: आज प्रधानमंत्री मोदी ने 62 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि आज मुझे खुशी है कि बिहार को एक नई स्किल्ड यूनिवर्सिटी मिली है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार सरकार ने इस यूनिवर्सिटी का नाम भारत रत्न और जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर रखा है.
‘आज का भारत कौशल को देता है प्राथमिकता’ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले हमारी सरकार ने ITI छात्रों के लिए व्यापक स्तर पर दीक्षांत समारोह आयोजित करने की नई परंपरा शुरू की थी. आज इसी परंपरा की एक और कड़ी के साक्षी हम सभी बन रहे हैं. मैं भारत के कोने-कोने से हमारे साथ जुड़ने वाले सभी युवा ITI छात्रों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं. यह समारोह इस बात का प्रतीक है कि आज का भारत कौशल को कितनी प्राथमिकता देता है.
बिहार के युवाओं को होगा फायदा: पीएम ने कहा कि आज बिहार के युवाओं के सशक्तिकरण का यह मेगा कार्यक्रम है. यह दिखाता है कि एनडीए सरकार बिहार के नौजवानों को, महिलाओं को कितनी प्राथमिकता दे रही है. भारत ज्ञान और कौशल का देश है. यही बौद्धिक शक्ति हमारी सबसे बड़ी ताकत है. जब यह ज्ञान और कौशल देश की आवश्यकताओं से जुड़ जाती हैं, तो इनकी ताकत कई गुना बढ़ जाती है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी की मांग है कि हम देश की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लोकल टैलेंट, लोकल रिसोर्सेस, लोकल स्किल और लोकल नॉलेज को तेजी से आगे बढ़ाएं और इसमें हमारे हजारों ITIs की बहुत बड़ी भूमिका है.
क्या बोले नीतीश कुमार?: वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कहा कि बहुत खुशी की बात है कि आज देशभर के ITI टॉपर्स के लिए कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने इन संस्थानों के छात्र और छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए. सीएम ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय से बिहार के लोगों को बहुत फायदा होगा.
“बिहार में युवा आयोग तथा जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्व विद्यालय की स्थापना की गई है. इसमें बिहार के युवाओं को नौकरी के नियुक्ति पत्र और 25 लाख छात्र-छात्राओं को छात्रवृति वितरण किया जा रहा है. आने वाले समय में युवाओं को लाभ मिलेगा.”- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार
कौन थे कर्पूरी ठाकुर?: समाजवादी नेता रहे कर्पूरी ठाकुर दो बार बिहार के मुख्यमंत्री बने. पहली बार 22 दिसंबर 1970 से 22 दिसंबर 1970 तक इस पद पर रहे, जबकि दूसरी बार 24 जून 1977 से 21 अप्रैल 1979 तक सीएम की कुर्सी पर रहे. उनका जन्म 24 जनवरी 1924 को हुआ था. 64 वर्ष की उम्र में उन्होंने 17 फरवरी 1988 को अंतिम सांस ली. भारत सरकार ने 23 जनवरी 2024 को उन्हें मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया. उनको ‘जनजनायक’ भी कहा जाता है.