गाजीपुर में बोले सीएम योगी- ‘बंटोगे तो कटोगे’, डबल इंजन सरकार में विकास की रफ्तार नहीं थमेगी, संतों से की मुलाकात

गाजीपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने गाजीपुर प्रवास के दौरान हथियाराम मठ परिसर में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद संगम को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि “जो समाज बंटता है, वह कटता है इसलिए हमें एकजुट रहकर राष्ट्रहित में कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास का पहिया लगातार घूम रहा है, और उत्तर प्रदेश तेजी से समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की तरह धरती की भी अपनी प्रकृति होती है, और हमारी सनातन परंपरा उसी प्रकृति और समृद्धि का प्रतीक है।
सीएम योगी ने कहा कि त्रेता युग से लेकर आज तक गाजीपुर की धरती अध्यात्मिक चेतना की वाहक रही है। यह भूमि संतों, महर्षियों और वीरों की तपोस्थली रही है। उन्होंने महर्षि विश्वामित्र का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे त्रेता युग में उन्होंने बक्सर में राक्षसों के अंत के लिए अनुसंधान किया था, वैसे ही आज भाजपा की सरकार में दंगाइयों और आताताइयों पर बुलडोजर गरज रहा है।

बिना नाम लिए सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में एक बड़ी राजनीतिक लड़ाई आने वाली है, जिसके लिए सभी को तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि जो भारत की आत्मा यानी सनातन संस्कृति से जुड़े रहेंगे, वही विकास और सम्मान की राह पर आगे बढ़ेंगे। इस अवसर पर महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, प्रभारी मंत्री रविंद्र जयसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय आदि मौजूद रहे।