इलाज की चिंता मत करो, खर्च सरकार उठाएगी”: जनता दर्शन में सीएम योगी का आश्वासन

गोरखपुर: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में आए 200 लोगों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया. उन्होंने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान होने या घबराने की आवश्यकता नहीं है. हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं का समाधान कर उसे संतुष्ट करें. इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

 

सीएम ने अफसरों को दिए निर्देश: मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं कोई जमीन कब्जा या दबंगई कर रहा हो तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. पारिवारिक मामलों के निस्तारण में दोनों पक्षों को एकसाथ बैठाकर संवाद करने को प्राथमिकता दी जाए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए यदि कोई पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित है तो उसे तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए.

सीएम ने किया आश्वस्त: मुख्यमंत्री योगी ने जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने पहुंचे लोगों को आश्वस्त किया कि, वह बिना चिंता किए अस्पतालों में इलाज कराएं. सरकार उनकी भरपूर आर्थिक मदद करेगी. इलाज में जो भी धनराशि खर्च होगी, उसकी व्यवस्था सरकार करेगी. सीएम योगी ने इसे लेकर अफसरों को निर्देशित भी किया कि जिन लोगों को इलाज में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उसकी प्रक्रिया को जल्द से पूरा कराए. हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.

चिंता मत करो, इलाज कराओ: जनता दर्शन में एक बिटिया ने अपनी मां के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मनुहार की तो सीएम योगी ने कहा, चिंता मत करो, इलाज कराओ, पैसे की व्यवस्था कर दी जाएगी. अन्य लोगों को भी उन्होंने इसी आत्मीयता से भरोसा दिया कि सरकार किसी भी जरूरतमंद के इलाज में धन की कमी को बाधक नहीं बनने देगी. पर्याप्त मदद की जाएगी.