लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इन दिनों उत्तरी-पश्चिमी नम हवाएं चल रही हैं, जो अपने साथ ठंडक लेकर आ रही हैं. इससे प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में अधिकतम-न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा. वहीं न्यूनतम तापमान में अगले तीन दिनों के अंदर 2 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी. कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है.
राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश की ग्रामीण इलाकों में सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंडक शुरू हो गई है. लोगों ने ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाना भी शुरू कर दिया है. दिन के समय आसमान साफ होने व गुनगुनी धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है. हालांकि, सुबह व शाम के समय उत्तरी-पश्चिमी हवाएं ठंडक बढ़ा रही हैं.
पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में मौसम शुष्क रहा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं हल्का तो कहीं मध्यम कोहरा दर्ज किया गया. जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्का कोहरा छाया. प्राप्त आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में न्यूनतम दृश्यता 400 मीटर कुशीनगर एवं कानपुर में दर्ज की गई.नोएडा सबसे ज्यादा प्रदूषित: केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार शाम 4:00 बजे उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स इस तरह रहा. आगरा 186, बरेली 94, बुलंदशहर 294, फिरोजाबाद 126, गाजियाबाद 361, गोरखपुर 93, ग्रेटर नोएडा 378, झांसी 42, कानपुर 128, लखनऊ 151, मेरठ 322, मुरादाबाद 152, मुजफ्फरनगर 312, नोएडा 395, प्रयागराज 136, वाराणसी में 108 रिकॉर्ड किया गया.
दिल्ली से सटे इलाकों में एक बार फिर से एयर क्वालिटी इंडेक्स काफी खराब स्थिति में पहुंच गया है. गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, नोएडा, बुलंदशहर जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार पहुंच गया है, जो रेड जोन में आता है. इन इलाकों में हवा जहरीली बन चुकी है. बच्चों-बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों के लिए सांस लेना काफी मुश्किल साबित हो रहा है.
लखनऊ में एयर क्वालिटी इंडेक्स : भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी 134, गोमती नगर 135, केंद्रीय विद्यालय 150, कुकरैल पिकनिक स्पॉट 91, लालबाग लखनऊ 189, तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया 208 दर्ज किया गया. लखनऊ के एयर क्वालिटी इंडेक्स में पिछले दिनों की तुलना में काफी सुधार हुआ है. वर्तमान में तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया की हवा ही ऑरेंज जोन में है, बाकी सभी जगह एयर क्वालिटी इंडेक्स ग्रीन और यलो जोन में पहुंच गया.
राजधानी में सुबह-शाम हल्की धुंध-कोहरा: राजधानी में मंगलवार को सुबह-शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहा. दिन में आसमान साफ रहा और गुनगुनी धूप खिली. सोमवार के मुकाबले अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई. जहां अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है. वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को सुबह-शाम के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
अयोध्या सबसे ठंडा : मंगलवार को अयोध्या यूपी का सबसे ठंडा जिला रहा. जहां पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान कानपुर देहात जिले में 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. सुबह-शाम के समय कुछ इलाकों में हल्का तो कुछ में मध्यम कोहरा छाया रहेगा. तीन दिनों के अंदर न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी, जिससे ठंडक में और अधिक वृद्धि होगी.