यूपी में अगले 72 घंटे कड़ाके की ठंड, 7 जिलों में घना कोहरा; IMD ने जारी किया शीतलहर अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में फिर से उत्तरी पश्चिमी हवाओं ने जोर पकड़ा है, जिसकी वजह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है. 2 दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई थी, जिससे सुबह-शाम के समय पड़ने वाली ठंडक में हल्की राहत मिली थी. वहीं, एक बार फिर हवाओं के रुख में परिवर्तन होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो गई है.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिन में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक और कमी हो सकती है. इसके साथ ही तराई वाले इलाकों में कुछ जगहों पर घना कोहरा होने की भी संभावना है.

पिछले 24 घण्टों के दौरान उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं छिछला कोहरा दर्ज किया गया तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं छिछला से माध्यम कोहरा रहा. पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई हिस्से में कहीं-कहीं घना कोहरा भी रहा. कुशीनगर में शून्य मीटर दृश्यता दर्ज की गई.

यूपी के 7 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी: मौसम विभाग ने गुरुवार को सुबह-शाम के समय गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर जिलों के कुछ स्थान पर घना कोहरा होने की संभावना जताई है.

केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अनुसार मंगलवार को शाम 4:00 बजे तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स के तहत गाजियाबाद की हवा सबसे प्रदूषित रही. यहां का एक्यूआई 286 रहा. इसके साथ ही मुजफ्फरनगर और नोएडा का एक्यूआई भी खतरनाक स्तर पर रहा.

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार आगरा का एक्यूआई 137, बागपत का 219, बरेली का 133, बुलंदशहर का 180, फिरोजाबाद का 129, गोरखपुर का 70, ग्रेटर नोएडा का 252, झांसी का 51, कानपुर का 105, लखनऊ का 182, मुरादाबाद का 116, मुजफ्फरनगर का 275, नोएडा का 285, प्रयागराज का 123, वाराणसी का एक्यूआई 131 रहा. दिल्ली से सटे इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार खराब स्थिति में बना हुआ है.

लखनऊ का मौसम: लखनऊ में मंगलवार को सुबह व शाम के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रहा. सुबह से ही तेज धूप खिली, जिससे कोहरे का असर समाप्त हो गया. अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में सुबह-शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा, धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बरेली सबसे ठंडा जिला: उत्तर प्रदेश का बरेली मंगलवार को सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पर न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा. सबसे अधिक तापमान कानपुर देहात जिले में 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

यूपी का मौसम: मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले तीन दिन तक उत्तर प्रदेश के पूर्वी तथा पश्चिमी इलाकों में सुबह के समय कहीं हल्का व कहीं मध्यम कोहरा छाया रहेगा. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई वाले इलाकों में घना कोहरा भी हो सकता है.