लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाल बहादुर शास्त्री भवन में मंगलवार की रात उच्चस्तरीय बैठक की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था से जुड़े कार्यों, वित्तीय वर्ष 2025-26 के विभिन्न विभागों के बजट आवंटन और व्यय की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य की दिशा में सही मार्ग पर है और कार्यों में व्यापक प्रगति की संभावना मौजूद है. इन कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए.
बैठक में बताया गया कि राज्य का जीएसडीपी वर्ष 2016-17 में 12.5 लाख करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 29.78 लाख करोड़ रुपये हो गया. वर्ष 2025-26 में यह 36 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है. देश की कुल अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश का योगदान अब 9 प्रतिशत से अधिक है. जीएसडीपी लक्ष्य का 93 प्रतिशत पहले ही हासिल किया जा चुका है और अब 42 लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य पर तेजी से काम चल रहा है.
बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों द्वारा मासिक, मुख्य सचिव द्वारा पाक्षिक तथा अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिवों द्वारा साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि रीयल टाइम डेटा समय से अपलोड करने, डेटा संकलन में तेजी लाने, नियोजन विभाग द्वारा साप्ताहिक डेटा एकत्र करने के लिए मजबूत तंत्र बनाने, बजट का समयबद्ध व्यय सुनिश्चित करने तथा केंद्रांश प्राप्ति के लिए निरंतर संवाद बनाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि विकास दर 13 प्रतिशत से अधिक बनी हुई है. सीड पार्क निर्माण एवं यूपी एग्रीज परियोजना में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कोहरे आदि के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कमी के लिए परिवहन विभाग को व्यापक समीक्षा करने को कहा.
मुख्यमंत्री ने गढ़मुक्तेश्वर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रमुख तीर्थ स्थल बताते हुए वहां श्रद्धालुओं-पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाने, होम-स्टे पॉलिसी को प्रभावी करने तथा पूरे प्रदेश में टूरिस्ट डेस्टिनेशन प्लान विकसित करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए प्रत्येक जनपद के लिए लक्ष्य निर्धारित करने, आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री-प्राइमरी शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने, बेसिक शिक्षा भवनों एवं श्रमजीवी महिला छात्रावासों के निर्माण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए. ऊर्जा, स्वास्थ्य, उद्योग एवं शिक्षा क्षेत्रों में दर्ज प्रगति पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने का आह्वान किया.