वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण 16 दिसंबर से लेकर 15 फरवरी तक 10 विमानों को रद्द और 42 को रीशेड्यूल किया गया है. अब एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट सुबह 7:35, जबकि अंतिम फ्लाइट रात्रि 9:45 पर उड़ान भरेगी.
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण विमान को उड़ान भरने में परेशानी हो रही है. इसलिए विंटर शेड्यूल में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भुवनेश्वर से आने वाला एटीआर विमान सुबह 7:35 बजे वाराणसी पहुंचेगा. इसके बाद सुबह 8:15 बजे रवाना होगा.
दिल्ली, मुंबई बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, कोलकाता, चेन्नई जयपुर, पुणे, शारजाह और मस्कट सहित अन्य देश-विदेश के प्रमुख शहरों के लिए पूरे दिन उड़ानों का संचालन रहेगा. दिल्ली के लिए पहली उड़ान सुबह 9:00 रवाना होगी, बेंगलुरु के लिए 10:00 बजे, मुंबई के लिए 11:00 सुबह, 11:00 बजे से हैदराबाद और 11:25 बजे से कोलकाता के लिए विमान संचालित होंगे.
ऐसे ही दोपहर 12:00 से 1:30 बजे के बीच दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू और हैदराबाद रोड पर लगातार उड़ानों की आवाजाही रहेगी, दोपहर 2:15 से लेकर शाम 5:10 तक दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई और अहमदाबाद के लिए कई उड़ानें निर्धारित की गई हैं.
शाम 6:30 से रात्रि 9:45 बजे तक इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर की उड़ानों के जरिए मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद और हैदराबाद के लिए आवागमन जारी रखा गया है.
सुबह से शाम तक रीशेड्यूल: एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि कोहरे के कारण सुबह से लेकर शाम तक के विमानों को रीशेड्यूल किया गया. इसका फायदा यात्रियों को होगा और वह पहले से ही अपनी जर्नी की प्लानिंग को बना सकेंगे.
वहीं, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 10 उड़ानों को 2 महीने के लिए रद्द किया गया है. इसमें सबसे अधिक दिल्ली की उड़ानें शामिल हैं. इनमें इंडिगो की पुणे की उड़ान संख्या 6e 049 और 6e 6884 शामिल है. यह विमान रात्रि 2:45 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचकर भर में 3:30 बजे उड़ान भरते हैं. ऐसे ही इंडिगो की दिल्ली और वाराणसी के बीच की चार उड़ानों को रद्द किया गया है.
एयर इंडिया एक्सप्रेस के शारजाह से वाराणसी और वाराणसी से दिल्ली जाने वाली आईएक्स 184 और 1226 भी रद्द कर दी गई है. यह विमान सुबह 7:00 बजे बाबतपुर पहुंचता था और 8:25 पर दिल्ली के लिए उड़ान भरता था. इंडिगो की बेंगलुरू से रात्रि 22:30 बजे वाराणसी पहुंचने और 23:40 बजे वापस बेंगलुरु के लिए जाने वाली उड़न को भी रद्द कर दिया गया है.