रांचीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार की शाम रांची पहुंचीं. रांची एयरपोर्ट से लोक भवन तक कड़ी सुरक्षा और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राष्ट्रपति का काफिला लोकभवन पहुंचा.
राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष विमान से रांची पहुंचीं. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचने पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति का स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया. सांसद संजय सेठ, डीजीपी तदाशा मिश्रा, डीसी मंजूनाथ भजंत्री भी ने भी बुके देकर राष्ट्रपति का अभिनंदन किया.हर तरफ कड़ी सुरक्षा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंच चुकी हैं. रांची एयरपोर्ट से लेकर लोकभवन तक पहुंचाने के दौरान पूरे रूट लाइन में रांची पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी. एयरपोर्ट से राजभवन निकलने से पहले ही रूट लाइन में तैनात सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में थे. करीब 20 से 22 मिनट के भीतर ही राष्ट्रपति का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच लोकभवन पहुंच गया.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार की रात लोकभवन में ही विश्राम करेंगी. उसके बाद सोमवार को वह सरायकेला -खरसावां और जमशेदपुर में होने वाले दो कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी. राष्ट्रपति 29 दिसंबर को जमशेदपुर जाएंगी. वहां करणडीह स्थित दिशोम जाहेर थान पहुंचकर वहां पूजा करेंगी. उसके बाद संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी.यहां से राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर जाएंगी, जहां वो संस्थाल के 15वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी. दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद वो वापस शाम में रांची लौटेंगी और लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी.
30 दिसंबर को वो रांची से छत्तीसगढ़ के जशपुर हवाई मार्ग से जाएंगी. उसके बाद वहां से गुमला सड़क मार्ग से जाएंगी. गुमला में अंतर्राज्यीय जनसंस्कृति समागम समारोह कार्तिक जतरा में शिरकत करेंगी. कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद वापस रांची आएंगी, जहां से दिल्ली के राष्ट्रपति रवाना हो जाएंगी.