बहराइच में एक और आदमखोर भेड़िए को शार्प शूटरों ने किया ढेर

बहराइचः जिले के तराई क्षेत्र में आदमखोर हो चुके खूंखार भेड़ियों के कारण ग्रामीण अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं. भेड़िए लगातार हमला कर रहे हैं और लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं. हालांकि वन विभाग भी पूरी मुस्तैदी से भेड़िए का सफाया करने में जुटी है. इसी कड़ी में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को वन विभाग के शार्प शूटरों ने आदमखोर भेड़िए को मार गिराया है. जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. डीएफओ का मानना है कि अब इलाके में हमले न होंगे, क्योंकि ड्रोन में कोई भी भेड़िया नहीं दिखाई दिया है. भेड़िए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

घेराबंदी कर मारी गोलीः डीएफओ डॉ. राम सिंह यादव के मुताबिक, वन विभाग को सूचना मिली कि कैसरगंज थाना क्षेत्र के भिरगू पुरवा बिरजा पकड़िया के पास आदमखोर भेड़िया दिखाई दिया है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर रेस्क्यू का प्रयास किया. लेकिन सफलता न मिलने पर देख वन विभाग के शार्प शूटरों ने भेड़िए को मार गिराया. शार्प शूटरों द्वारा चलाई गई गोली भेड़िए के जबड़े पर लगी और वह ढेर हो गया. भेड़िए के मारे जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. ग्रामीणों का कहना है कि अब भेड़िए के हमले नहीं होने की संभावना है.

अब तक 8 भेड़ियों को मारी गई गोलीः गौरतलब है कि 9 सितंबर से शुरू हुए आदमखोर भेड़िए के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त था. रुक रुक कर हो रहे हमले से वन विभाग को भी खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. मुख्यमंत्री ने बहराइच दौरे के बाद भेड़िया को मारने के आदेश दिए थे. जिसके बाद से अब तक 8 भेड़ियों को गोली मारी गई है.

अब तक 13 की मौत और 32 घायलः वहीं, भेड़िए के हमले में एक बुजुर्ग दंपति समेत 12 मासूमों की मौत हो चुकी है. 12 बहराइच रेंज व 1 श्रावस्ती रेंज की घटना शामिल है. भेड़ियों के हमले से अब तक 32 लोग घायल हो चुके हैं. डीएफओ डॉ. राम सिंह यादव ने बताया कि अब तक 8 भेड़िए मारे जा चुके हैं. ड्रोन में अब कोई भी भेड़िया नहीं दिखा है. जिससे ग्रामीणों को राहत मिलने की संभावना है. सतर्कता के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है.