जनता दर्शन में सीएम योगी सख्त, भूमि आवंटन में रुपये लेने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्रता से निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए. जनता दर्शन में भूमि पट्टा आवंटन से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने रुपये लेकर पट्टा आवंटन के बाबत सख्त निर्देश दिए हैं. सीएम ने तत्काल जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात कही है.सीएम योगी मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं. सीएम कुर्सियों पर बैठे फरियादियों तक खुद पहुंचे और सबके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे. मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जमीन पट्टा आवंटन में अनियमितता नहीं होने दी जाएगी.

अपराध से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पात्र व्यक्ति को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए. इसी क्रम में एक महिला ने आर्थिक तंगी को लेकर बिटिया की शादी की चिंता व्यक्त की तो सीएम योगी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत लाभ दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए.

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने जरूरतमंदों को प्रशासन की मदद से उनके उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए. मुख्यमंत्री ने एस्टीमेट मिलते ही सरकार द्वारा तुरंत धन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.