सिंगूर (पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल में हर कोई तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के ‘महाजंगल राज’ को खत्म करना चाहता है,
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सिंगूर की रैली में उक्त बातें कहीं. उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग तृणमूल कांग्रेस के ‘कुशासन’ से तंग आ चुके हैं और पार्टी को सत्ता से बेदखल करना चाहते हैं. हमें पश्चिम बंगाल और देश के विकास के लिए वंदे मातरम् को मंत्र बनाना होगा.
टीएमसी पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस केंद्र में संप्रग सरकार का हिस्सा रही थी, लेकिन तत्कालीन सरकार ने बांग्ला को शास्त्रीय भाषा का दर्जा नहीं दिया. मैं बंगाल की जनता की सेवा करना चाहता हूं, लेकिन तृणमूल सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचने से रोक रही है.”भाजपा सिंडिकेट टैक्स और माफिया राज खत्म करेगी
पीएम मोदी ने कहा कि अगर भाजपा सरकार सत्ता में आई, तो राज्य में भ्रष्टाचार, हिंसा और सिंडिकेट राज खत्म हो जाएगा. उन्होंने कहा, “यहां के कॉलेजों में रेप और हिंसा को रोकने के लिए, भाजपा को सत्ता में लाना होगा. आपका एक वोट यह पक्का करेगा कि संदेशखाली जैसी घटनाएं इस राज्य में दोबारा नहीं होंगी. आपका एक वोट यह पक्का करेगा कि भविष्य में हजारों टीचरों की नौकरी फिर कभी न जाए. इस राज्य में निवेश तभी आएगा जब कानून-व्यवस्था ठीक से बनी रहेगी. लेकिन यहां माफिया सब कुछ करके बच निकलता है. यहां हर चीज पर सिंडिकेट टैक्स लगता है. भाजपा इस सिंडिकेट टैक्स और माफिया राज को खत्म करेगी. यह मोदी की गारंटी है.”
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल में 830 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया. साथ ही कोलकाता को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाली तीन अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.हुगली जिले के सिंगूर में रविवार को आयोजित समारोह के दौरान पीएम मोदी ने जयरामबती-बारोगोपीनाथपुर-मयनापुर रेल लाइन का भी उद्घाटन किया. इसके अलावा मयनापुर और जयरामबती के बीच चलने वाली एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाई.
इस अवसर पर उन्होंने ने कहा कि सभी केंद्रीय परियोजनाएं पश्चिम बंगाल के विकास में तेजी लाएंगी. पीएम ने कहा किकेंद्र सरकार पूर्वी भारत के विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए काम कर रही है.
पीएमओ द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मोदी ने हुगली जिले के बालागढ़ में अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्ल्यूटी) टर्मिनल और एक रोड ओवरब्रिज समेत विस्तारित ‘पोर्ट गेट सिस्टम’ की आधारशिला रखी. करीब 900 एकड़ भूमि में फैला बालागढ़ एक आधुनिक माल ढुलाई टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसकी अनुमानित क्षमता लगभग 2.7 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) है. वहीं बालागढ़ परियोजना का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले गलियारों से जहाजों की आवाजाही का मार्ग परिवर्तित कर माल निकासी क्षमता में काफी सुधार करना है.पीएम ने कोलकाता को नई दिल्ली, वाराणसी और चेन्नई से जोड़ने वाली तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये ट्रेन हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनल, सियालदह-बनारस और संतरागाछी-तांबरम मार्गों पर चलेंगी.
टाटा ग्रुप को सिंगूर वापस लाने पर पीएम ने नहीं किया जिक्र
सिंगूर की उसी धरती पर खड़े होकर, जिसने राज्य की राजनीति में 34 साल के लेफ्ट राज को खत्म करके बदलाव के बीज बोए थे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘असली बदलाव’ का आह्वान किया. उन्होंने एक बार फिर नारा दिया, ‘बदलाव चाहिए, भाजपा सरकार चाहिए.’
राज्य के भाजपा नेताओं ने मंच पर इंडस्ट्री और रोज़गार के सपने बांटे. खुद केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने “मोदी की गारंटी” दी, टाटा ग्रुप को सिंगूर वापस लाने का वादा किया. लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जिनकी गारंटी का भाजपा नेता बखान कर रहे थे, अपने लंबे भाषण में सिंगूर के इंडस्ट्रियल भविष्य पर चुप रहे. कोई घोषणा नहीं हुई, और कोई वादा नहीं.इसके बजाय, प्रधानमंत्री ने राज्य की नदियों, समुद्र तट और यहां के युवाओं के टैलेंट की तारीफ़ करते हुए अपना भाषण खत्म किया. इस मामले पर उनकी चुप्पी अब राज्य की राजनीति में ज़ोरदार चर्चा का विषय बन गई है. राजनीतिक हलकों में यह देखने के लिए नज़र थी कि क्या प्रधानमंत्री सिंगुर से इंडस्ट्री को लेकर कोई नया मैसेज देंगे, जो कभी जमीन आंदोलन का सेंटर था. ऐसा इसलिए था, क्योंकि रैली से पहले ही बंगाल भाजपा के नेता दावा कर रहे थे कि अगर भाजपा राज्य में सत्ता में आई, तो सिंगुर में इंडस्ट्रियल फिर से शुरू होगा. उन्होंने यह भी दावा किया कि टाटा ग्रुप नई इंडस्ट्री के साथ राज्य में वापस आएगा.
कुछ दिन पहले ही सुकांत मजूमदार ने सिंगूर की धरती पर खड़े होकर टाटा को वापस लाने की बात कही थी. नरेंद्र मोदी के भाषण से पहले मंच पर बोलते हुए उन्होंने इंडस्ट्रियल रिवाइवल का वही वादा दोहराया. उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “इंडस्ट्री होगी, रोज़गार होगा. मैं आपको बता रहा हूं, मोदी की गारंटी 100 परसेंट है. इस बार सिंगूर में फैक्ट्रियां बनेंगी.” उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा राज्य सरकार की नीतियों के कारण बंगाल का आलू बाज़ार उत्तर प्रदेश के किसानों के हाथ में चला गया है. सिर्फ सुकांत मजूमदार ही नहीं, भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल ने भी बर्दवान में ऐसे ही बयान दिए थे. नतीजतन, कई सवाल उठे, क्या टाटा सच में वापस आएंगे? क्या प्रधानमंत्री खुद इसका ऐलान करेंगे? मोदी आए, राज्य की नदियों, समुद्र तट और यहां के युवाओं के टैलेंट की तारीफ की और फिर चले गए.