लखनऊ : दिवंगत सैन्य अधिकारी की पुत्री अंजना भट्ट ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की. उन्होंने राज्य सरकार की तरफ से प्रदत्त त्वरित और संवेदनशील सहयोग के लिए अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर उनके साथ मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल मनीष कुकरेती, मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया की फैमिली वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की अध्यक्षा संगीता कुकरेती और मेजर विशाल कनौजिया उपस्थित रहे.
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि अंजना भट्ट एक दिवंगत टेरिटोरियल आर्मी अधिकारी की पुत्री हैं. तत्काल पारिवारिक सहयोग के अभाव में और उनके पैतृक आवास पर असामाजिक तत्वों ने अवैध कब्जा कर लिया था. जिसके कारण उन्हें लंबे समय तक कानूनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. इस परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी नैतिक और संस्थागत जिम्मेदारी का निर्वहन कर मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया के तत्वावधान में सेना ने उनकी सुरक्षा, कल्याण और विधिसम्मत न्याय सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई.
उन्होंने बताया कि सेना की इस पहल के अंतर्गत उनके कल्याण की लगातार निगरानी की गई. इसके साथ ही आवश्यक संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया गया और स्थानीय नागरिक प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया गया. स्थिति का विस्तृत आकलन करने के बाद विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत अवैध रूप से कब्जाई गई संपत्ति को मुक्त कराने के लिए समन्वित प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की गई. इस दौरान जिला प्रशासन, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और कानूनी प्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया, जिससे सभी तरह की कार्रवाई पारदर्शी, विधिसम्मत और समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके.जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि मेजर विशाल कनौजिया को औपचारिक रूप से अंजना भट्ट का फोस्टर अभिभावक नियुक्त किया गया. जिससे संपूर्ण प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया जा सके. एक जनवरी को कार्रवाई की गई, जिसके बाद अवैध रूप से कब्जाई गई संपत्ति को खाली कराया गया.