UP के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि, घने कोहरे का अलर्ट; फिर बदलेगा मौसम

लखनऊ/वाराणसी/मेरठ: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 48 घंटों में प्रदेश के कई इलाको में गरज-चमक के साथ बारिश हुई. इस दौरान कई जिलो में ओले भी गिरे हैं. 28 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने के कारण 29 और 30 जनवरी को मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई वाले इलाकों में घना कोहरा होने की चेतावनी जारी की गई है.

 

मौसम वैज्ञानिक डा. अतुल सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे में पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क बना रहेगा. अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी. सुबह और शाम के समय कोहरे में वृद्धि होगी.

 

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 30 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. यह 1 फरवरी को प्रदेश के मौसम पर असर डालेगा. इसके प्रभाव से फिर से दोनो पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.

 

सुबह घने कोहरा की संभावना: प्रदेश के कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में देर रात या सुबह के समय घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है.

लखनऊ का मौसम: राजधानी में बुधवार को सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहा. सुबह के समय 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. दिन में बादलों की आवाजाही जारी रही. तेज रफ्तार हवाएं चलने से अधिकतम तापमान में गिरावट हुई.

 

बुधवार को अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं, न्यूनतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है.मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरूवार को लखनऊ में सुबह और शाम के समय कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

 

बुधवार शाम से ही राजधानी लखनऊ में कोहरा छाया हुआ है. देर रात अधिक घना कोहरा हो गया. गुरुवार सुबह के समय भी घना कोहरा छाया हुआ है. राजधानी लखनऊ की प्रमुख इमारतें घने कोहरे की चादर से लिपटी हुई हैं.

 

बुलंदशहर सबसे ठंडा: बुधवार को बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वही सबसे अधिक अधिकतम तापमान हरदोई जिले में 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक हैवाराणसी का मौसम: मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि कई दिनों से पश्चिम विक्षोप का असर यूपी के कई इलाकों में देखने को मिल रहा था. कल नमी कम होने के साथ ही बनारस में भी इसका असर देखा गया और बारिश हुई है.

 

बारिश बंद हुई है, लेकिन हवा का असर देखने को मिलेगा. सुबह और शाम के समय ठंड परेशान करेगी. दोपहर बाद धूप निकलेगी और लोगों को राहत मिलेगी. आने वाले एक-दो दिन के अंदर मौसम सामान्य होने के साथ तापमान में बढ़ोतरी होगी.

 

मेरठ में बदला मौसम: मेरठ जिले में बारिश के बाद मौसम में तब्दीली आई है. हवाओं की वजह से ठंडक बढ़ गई है. सुबह का तापमान भी न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. एयर क्वालिटी इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई है. इस समय एयर क्वालिटी इंडेक्स 107 है. हल्का कोहरा भी छाया हुआ है.