महिला आयोग की सदस्य ने की जनसुनवाई, मामलों पर अधिकारियों से जवाब तलब

फर्रुखाबाद: यूपी के फर्रुखाबाद में बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी फतेहगढ़ स्थित विकास भवन सभागार पहुंची. इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई की. उनके सामने महिला अपराधों से संबंधित कुल 9 शिकायत आई. जनसुनवाई में सुनीता सैनी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके बाद सुनीता सैनी डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचीं. जहां उन्होंने महिला वार्ड में भर्ती प्रसुताओं से बात की. वहां मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जाना. बता दें कि जनसुनवाई में सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

सूचना विभाग के मुताबिक, विकास भवन में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता देवी ने जन शिकायतों की सुनवाई की. पिछली बार एक बच्चे की शिकायत आई थी. उसे किसी शिक्षक ने इतना मारा था कि उसे बेहद गंभीर चोटें आई थी. सुनीता सैनी ने इस पर कार्रवाई की जानकारी ली, तो सभी अधिकारी बगले झांकते नजर आए.

इसके बाद महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी ने मामलों का गंभीरता पूर्वक संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए. कहा कि करवाई ऐसी होनी चाहिए, जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके और कार्रवाई के संबंध में उसे जानकारी दें.

दूसरी शिकायत में एक महिला की थी. महिला ने बताया कि उसके 15 वर्ष के बच्चे पर पड़ोस की लड़की ने कोतवाली थाने में झूठी शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया है. जिसके कारण पुलिस उसे परेशान कर रही है. इस पर सुनीता सैनी ने सीओ सिटी को जांच के निर्देश दिए.