फिरोजाबाद : पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को 165 लाख की लागत से बनीं 500 गौवंश को रखने की क्षमता वाली गौशाला का लोकार्पण किया. यह गौशाला एका विकासखंड में बनी है. इस मौके पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जितना सम्मान मनुष्यों का है उतना ही गौवंश का भी होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिले में बन रहा विश्वस्तरीय म्यूजियम, रपडी ईको टूरिज्म केंद्र, बाबा नीम करौरी और सामौर धाम जिले की पहचान बनेंगे.
पर्यटन मंत्री ने नगर पंचायत एका के ग्राम मछिरयाई ने 165 लाख की लागत से नव निर्मित कान्हा गौशाला का भव्य लोकार्पण किया. प्रोजेक्ट अंलकार के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्याें का लोकार्पण किया. इनमें टूूण्डला स्थित राजकीय हाईस्कूल नियामतपुर जो 47.46 लाख की लागत से मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण, 47.46 लाख की लागत से नगला सिरसागंज स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मल्टिपर्पज हॉल का निर्माण आदि शामिल है.
पर्यटन मंत्री ने कहा कि 500 गौवंशों की क्षमता वाली यह आधुनिक गौशाला क्षेत्र में निराश्रित पशुओं के संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगी. इस दौरान अधिकारियों और जिम्मेदार नागरिकों को निर्देश दिए कि वह नव निर्मित गौशाला का नियमित निरीक्षण, परीक्षण और अवलोकन करते रहें. इस मौके पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि पहले यह प्रदेश अपराधियों का प्रदेश था, लेकिन अब ग्रोथ इंजन बनता जा रहा है. हमारे आस्था के केंद्रों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य हो रहे हैं. जो निवेशक पहले यूपी में इंडस्ट्री लगाने से डरते थे, आज यह प्रदेश उनकी पहली पसंद हैं. उत्तर प्रदेश भयमुक्त शासन की मिशाल बन चुका है. जिसके कारण देश-विदेश के उद्यमी यहां निवेश करने हेतु लालायित हैं.
इस अवसर पर मंत्री और जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी सौंपे. जिनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत विपनेश कुमार और इब्राहिम खान को चेक दिया गया. स्वंय सहायता समूह की सपना, ललिता और ऊषा देवी को चेक और प्रशस्ति पत्र दिया गया. रीता देवी और अजय बाबू को प्रधानमंत्री आवाज योजना के अंतर्गत चाबी दी की गई. धनबती, रहमत और सलामत को मुख्यमंत्री आवास योजनान्तर्गत चाबी दी गई. प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत रूपादेवी, धनपाल और संजय को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत चाबी दी गई. इस अवसर पर ब्लॉक पंचायत अध्यक्ष कमलेश राजपूत, चैयरमेन माया देवी आदि उपस्थित रहीं. इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी.