नई दिल्ली: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चार दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक मैक्रों सोमवार 16 फरवरी को मुंबई पहुंचेंगे. इसके अगले दिन मंगलवार 17 फरवरी को वे पीएम मोदी संग बैठक करेंगे. विदेश मंत्रालय ने इस खबर की पुष्टि की है.
बैठक के बाद, पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति एआई (AI) इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल होने के लिए नई दिल्ली जाएंगे. विदेश मंत्रालय के मुताबिक मुंबई में दोनों नेता कई समझौते करेंगे और उसके बाद एक प्रेस स्टेटमेंट जारी करेंगे. होटल ताज महल पैलेस में इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम होगा, जिसके बाद गेटवे ऑफ इंडिया पर इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन और सांस्कृतिक स्मरणोत्सव होगा.
मंत्रालय ने कहा कि इमैनुएल मैक्रों और फर्स्ट लेडी मैडम ब्रिगिट मैक्रों 16 से 19 फरवरी तक भारत दौरे पर मुंबई और दिल्ली जाएंगे. दोनों देशों में पूरे साल ‘ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ पहल मनाई जाएगी और इसका मकसद इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, रिसर्च और लोगों के बीच आपसी मेलजोल में सहयोग को और गहरा करना है. बता दें, प्रधानमंत्री मोदी के बुलावे पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का चौथा भारत दौरा होगा, जो भारत-फ्रांस स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप में लगातार तेजी का संकेत देगा, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सहयोग और नई टेक्नोलॉजी पर खास ध्यान दिया जाएगा.
इससे पहले भारत में फ्रांसीसी दूतावास ने शुक्रवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि राष्ट्रपति मैक्रों द्विपक्षीय कार्यक्रमों के लिए भारत आएंगे और एआई (AI) इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे, जो नई दिल्ली और पेरिस के बीच बढ़ते संबंधों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय होगा. भारत में फ्रांसीसी दूतावास के अनुसार, 2018 में राष्ट्रपति मैक्रों के पहले भारत दौरे ने फ्रांस-भारत रिश्तों में एक नया अध्याय जोड़ा. इस पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सोमवार 16 से 20 फरवरी तक चलने वाला एआई समिट (AI Summit) आयोजित होग, जो लोग, ग्रह और प्रॉग्रेस के तीन सूत्रों पर आधारित है.
बांग्लादेश ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए भेजा न्योता
बता दें, भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में 17 फरवरी को नई सरकार का शपथ ग्रहण होने जा रहा है. इसके लिए उसने भारत समेत करीब 13 देशों को न्योता भेजा है. मैक्रों के भारत दौरे को लेकर पीएम मोदी का बांग्लादेश जाना संभव नहीं लग रहा है. सरकार की तरफ से उनकी जगह कोई सीनियर प्रतिनिधि शामिल हो सकता है. हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं, पीएम मोदी ने बांग्लादेश संसदीय चुनाव 2026 में बीएनपी की जीत पर तारिक रहमान को फोन कर बधाई भी दी थी.