लखनऊ : मेट्रो में सफर के लिए लखनऊ के यात्रियों को अब स्टेशन काउंटर की लाइन में लगकर टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी. यात्री अपने मोबाइल से टिकट बुक करा सकेंगे. इसके लिए लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है. यात्री घर बैठे QR टिकट बुक कर मेट्रो यात्रा का लाभ उठा सकेंगे. लखनऊ मेट्रो QR आधारित टिकटिंग प्रणाली सोमवार से लॉन्च करेगा. लखनऊ मेट्रो के इस कदम से यात्रियों को सफर में काफी राहत मिलेगी.
लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत यात्री लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप, टिकट वेंडिंग मशीन या टिकट काउंटर के माध्यम से QR टिकट आसानी से बुक कर सकेंगे. आधिकारिक ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने पर यात्रियों को उनके मोबाइल फोन में डिजिटल रूप में QR टिकट उपलब्ध होगा. इसके अलावा टिकट काउंटर और टिकट वेंडिंग मशीन से पेपर QR टिकट प्राप्त किया जा सकेगा.
प्रबंध निदेशक ने बताया कि QR टिकट से यात्रा करने वाले यात्री मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास के दौरान पीली पट्टी से चिह्नित ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन गेट पर QR टिकट को स्कैन कर आसानी से आ-जा सकेंगे. प्रवेश के दौरान स्कैन करने पर ही सफर शुरू माना जाएगा. प्रवेश के समय और यात्रा पूरी होने पर निकास के समय दोनों ही स्थितियों में पीली पट्टी वाले गेट पर QR टिकट स्कैन करना अनिवार्य होगा.
मेट्रो प्रशासन ने सभी मेट्रो स्टेशनों पर QR सपोर्ट करने वाली नई टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित कर दी हैं. प्रत्येक स्टेशन पर कम से कम एक QR सपोर्टेड टिकट वेंडिंग मशीन और एक QR सपोर्टेडॉ टिकट काउंटर उपलब्ध कराने की तैयारी है. QR सपोर्टेड टिकट वेंडिंग मशीन पर UPI से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. अन्य टिकट वेंडिंग मशीनों से पहले की तरह टोकन आधारित यात्रा की सुविधा जारी रहेगी. QR टिकट उपलब्ध कराने वाली मशीनों पर विशेष QR सपोर्ट स्टिकर लगाए जाएंगे. जिससे यात्री इन्हें आसानी से पहचान सकें और बिना किसी परेशानी के QR टिकट प्राप्त कर सकें.