मोहन भागवत और सीएम योगी की खास बैठक, जानिए क्यों है यह मुलाकात अहम

लखनऊ: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत दो दिनों के लखनऊ दौरे पर हैं. आरएसएस प्रमुख से मिलने के लिए बुधवार को सीएम योगी निराला नगर पहुंचे. यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संघ प्रमुख के बीच करीब आधे घंटे से अधिक समय तक बैठक चली. इसे आगामी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है. बता दें कि बुधवार को ही आरएसएस प्रमुख ने लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित शोधार्थी संवाद कार्यक्रम में भी शिरकत की है.

इस कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य मूलभूत आवश्यकता है, यह व्यवसाय नहीं हो सकते. शिक्षा और स्वास्थ्य सबके लिए सुलभ होने चाहिए. संघ का कार्य देश को परम वैभव सम्पन्न बनाना है. मैं और मेरा परिवार ही सबकुछ है, यह न सोच कर पूरे देश के लिए सोचना होगा. संघ समाज की एकता और गुणवत्ता की चिंता करता है. संघ को समझना है तो संघ के अंदर आकर कर देखिये. संघ को पढ़कर नहीं समझा जा सकता है. संघ को सम्पूर्ण हिन्दू समाज को संगठित करने वाला एक ही काम करना है. संघ किसी के विरोध में नहीं है.”

वहीं मंगलवार को सामाजिक सद्भाव बैठक में कहा कि UGC कानून सभी को मानना चाहिए. यदि कानून गलत है तो बदलने का उपाय भी है. जातियां झगड़े का कारण नहीं बनना चाहिए. समाज में अपनेपन का भाव होगा तो इस तरह की समस्या नहीं होगी. जो नीचे गिरे हैं, उन्हें झुक कर ऊपर उठाना पड़ेगा. सभी अपने हैं, यह भाव मन में होना चाहिए. मोहन भागवत ने कहा, संघर्ष से नहीं, समन्वय से दुनिया आगे बढ़ती है. उन्होंने घर वापसी पर भी जोर दिया.