फाल्गुन में ही गर्मी की दस्तक, चैत्र में क्या और बढ़ेगा तापमान? जानिए मौसम का हाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पूरे फाल्गुन (February) माह में गुलाबी सर्दी के साथ हल्का फॉग रहता था लेकिन इस साल मौसम ने अपने रंग ही बदल लिए हैं. बता दें, पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही यूपी में मौसम अब ड्राई हो गया है. सुबह-शाम के समय हल्की ठंडक होने के साथ दिन में तेज धूप खिलने से फरवरी माह में ही गर्मी का एहसास शुरू हो चुका है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अब आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने रहेंगे, जिससे धीरे-धीरे मौसम गर्मी की ओर बढ़ेगा आने वाले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी. उसके कुछ दिन बाद फिर से न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जाएगी.

 

ऐसा रहेगा लखनऊ का मौसम: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा. तेज धूप खिलेगी, अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सुबह आसमान साफ रहा. दिन में तेज धूप खिली. अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

 

बांदा सबसे सर्द: शुक्रवार को उत्तर प्रदेश का बंदा सबसे ठंडा जिला रहा, यहां पर न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे अधिकतम तापमान बहराइच जिले में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

 

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के साथ आगामी 48 घंटों के दौरान तापमान में मामूली गिरावट के उपरान्त पुनः वृद्धि होने की सम्भावना है. वहीं तापमान सामान्य से अधिक रहने तथा आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम ड्राई बना रहने का भी अनुमान है.