अयोध्या: दिल्ली में AI शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव अयोध्या पहुंचे. जहां उन्होंने भव्य राम मंदिर में भगवान श्री राम के दरबार में माथा टेका. इस दौरान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने परिसर में उनका स्वागत सम्मान किया और लगभग डेढ़ घंटे के बाद वह वापस गुयाना के लिए रवाना हुए.गुयाना के उप राष्ट्रपति लगभग 11 बजे अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर प्राइवेट विमान से पहुंचे. जहां परंपरागत शंखनाद के साथ प्रदेश सरकार की तरफ से जनप्रतिनिधि महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक चंद्रभानु पासवान, जिला पंचायत सदस्य रोली सिंह व प्रमुख अधिकारियों ने उनका स्वागत किया.
इसके बाद उनका काफिला एयरपोर्ट से निकलकर अयोध्या में जगतगुरु आदि शंकराचार्य द्वार से राम मंदिर परिसर पहुंचा. इस दौरान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय डॉ. अनिल मिश्रा ने स्वागत करते हुए रामलला का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किया. राम मंदिर में दर्शन पूजन के बाद कुबेर टीला, सप्त ऋषि मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी दर्शन पूजन किया. इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे से अधिक का समय परिसर में बिताया और फिर सड़क मार्ग से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए.
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के मुताबिक प्राण प्रतिष्ठा के बाद से बहुत सारे देशों से राम भक्त और वहां के विशेष अतिथि, मंत्री और राष्ट्र अध्यक्ष दर्शन के लिए आ चुके हैं. उन्होंने बताया कि गुयाना के उपराष्ट्रपति ने तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चम्पतराय के साथ मन्दिर परिसर का भ्रमण किया और निर्माण की भव्यता निहारी. महासचिव ने उन्हें लंबे संघर्ष, आंदोलन, न्यायालय प्रक्रिया और निर्माण संबंधी जानकारी भी दी.