लखनऊ: रेलवे प्रशासन लखनऊ कानपुर रेलखंड पर कानपुर पुल की मरम्मत के लिए 42 दिनों का मेगा ब्लॉक ले रहा है. इस मेगा ब्लॉक के चलते 56 ट्रेनों पर असर पड़ेगा. इनमें 14 ट्रेनें निरस्त की जा रही हैं. 10 ट्रेनें कानपुर तक सीमित रहेंगी और 32 ट्रेनें बदले रूट से संचालित की जाएंगी. इन ट्रेनों में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन समेत शताब्दी और कई अन्य प्रमुख ट्रेनों को डायवर्ट किया जाएगा. मेगा ब्लॉक के चलते कई यात्रियों को आवागमन में असुविधा होगी.
कितने दिनों का रहेगा ब्लॉक: उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर स्थित कानपुर पुल पर मरम्मत के लिए 42 दिनों का मेगा ट्रैफिक व पावर ब्लॉक ले रहा है. यह ब्लॉक दो अप्रैल से 13 मई तक रोजाना सुबह साढ़े नौ से शाम साढ़े पांच बजे तक रहेगा. इस दौरान 56 ट्रेनों के ऑपरेशन पर असर पड़ेगा. इसमें झांसी-लखनऊ मेमू सहित 14 ट्रेनें कैंसिल रहेंगी. लखनऊ आने-जाने वाली 10 ट्रेनें कानपुर से ही संचालित की जाएंगी. 32 ट्रेनें रूट पर रोककर और बदले रूट से संचालित की जाएंगी.
ये ट्रेनें कैंसिल रहेंगी: उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि 64701/02 झांसी-लखनऊ-झांसी मेमू, 54153/44 कानपुर-रायबरेली-कानपुर पैसेंजर, 64212 कानपुर-लखनऊ मेमू, 64255 उतरेटिया-कानपुर मेमू, 54101/02 प्रयागराज-कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर, 54325/26 सीतापुर-कानपुर-सीतापुर पैसेंजर, 55345 लखनऊ-कासगंज पैसेंजर, 64203 लखनऊ-कानपुर मेमू, 64214 कानपुर-लखनऊ मेमू कैंसिल रहेगी.
लखनऊ नहीं आएंगी ये ट्रेनें: सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि 13168 आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस, 12876 आनंदविहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस, 19053 मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, 15270 जनसाधारण एक्सप्रेस, 09465 अहमदाबाद-डिब्रूगढ़ क्लोन स्पेशल, 13238 कोटा-पटना एक्सप्रेस, 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस, 15734 फरक्का एक्सप्रेस, 15744 फरक्का एक्सप्रेस, 11079 एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15066 पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15046 ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस, 22534 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15024 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 12598 अंत्योदय एक्सप्रेस, 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, 12173 एलटीटी-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, 12143 एलटीटी-सुल्तानपुर एक्सप्रेस, 19201 अयोध्या कैंट एक्सप्रेस, 12183 भोपाल-प्रतापगढ़ सुपरफास्ट लखनऊ के रास्ते नहीं चलाई जाएंगी.
कानपुर के रास्ते संचालित नहीं होंगी ये ट्रेनें: उन्होंने बताया कि 12004 नई दिल्ली-लखनऊ जंक्शन शताब्दी एक्सप्रेस, 22426 आनंदविहार-अयोध्या वंदे भारत, 02563/64 बरौनी-नई दिल्ली-बरौनी क्लोन स्पेशल, 02569/70 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ क्लोन स्पेशल, 19615 कविगुरु एक्सप्रेस, 20921 बांद्रा-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस बदले हुए रास्ते से चलेंगी. ये ट्रेनें कानपुर नहीं आएंगी.
इन ट्रेनों का कानपुर तक ही आवागमन: उन्होंने बताया कि लखनऊ आने वाली 10 ट्रेनों का कानपुर तक ही आवागमन होगा. इसमें 12179/80 आगरा फोर्ट-लखनऊ-आगराफोर्ट इंटरसिटी, 12103/04 पुणे-लखनऊ जंक्शन-पुणे एक्सप्रेस, 22121/22 लखनऊ-एलटीटी-लखनऊ एक्सप्रेस, 11109/10 झांसी-लखनऊ जंक्शन-झांसी इंटरसिटी शामिल हैं. ट्रेन संख्या 54335/36 बालामऊ-कानपुर-बालामऊ पैसेंजर उन्नाव तक आएगी व यहीं से संचालित होगी. 12107 एलटीटी-सीतापुर एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल से साढ़े तीन घंटे की देरी से संचालित की जाएगी.