यूपी में होली 2026 की धूम, रामपुर में गंगा-जमुनी तहजीब की अनोखी मिसाल

रामपुर/बरेली/प्रयागराज : यूपी के जिलों में अलग-अलग परंपराओं के साथ होली मनाई जाती है. हर जगह की होली अपने आप में खास होती है. रामपुर में गंगा-जमुनी तहजीब की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. रविवार को रमजान के पाक महीने में रोजा रखते हुए मुस्लिम समुदाय ने पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ रंगों और फूलों की होली खेली. वहीं, बरेली में एडीजी जोन कार्यालय में रविवार को होली मिलन समारोह आयोजित किया गया. इसके अलावा प्रयागराज में रविवार को सनातनी किन्नर अखाड़े में पांच दिवसीय होली उत्सव की शुरुआत हो गई है.

 

रामपुर में रविवार को आंबेडकर पार्क में अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ की ओर से भव्य फूलों की होली का आयोजन किया गया. पिछले 13 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को इस बार भी पूरे जोश के साथ निभाया गया. कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए.इस मौके पर एक-दूसरे पर रंग-बिरंगे फूलों की वर्षा की गई और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दी गईं. गुलाल लगाकर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया. पूरा माहौल फूलों की खुशबू और एकता के रंग में सराबोर नजर आया.

 

मुस्लिम महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहत अली खान ने कहा कि “उनका संगठन पिछले 13 वर्षों से फूलों की होली का आयोजन करता आ रहा है. उनका मकसद समाज में प्यार, भाईचारा और एकता का संदेश देना है. उन्होंने कहा कि रमजान हो या कोई अन्य पर्व, त्योहार सबका होता है और हमें मिलकर मनाना चाहिए.”

 

आयोजकों ने यह भी बताया कि रंगों की परंपरा सिर्फ एक समुदाय तक सीमित नहीं है. सूफी संत अमीर खुसरो और वारिस अली शाह के दौर से ही प्रेम और रंगों की यह परंपरा चली आ रही है. नवाबों के दौर में भी रामपुर में होली बड़े उत्साह से मनाई जाती थी. फूलों की होली का यह आयोजन एक बार फिर साबित करता है कि रामपुर की पहचान सिर्फ उसके नवाबी इतिहास से नहीं, बल्कि उसकी गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे से भी है.

 

बरेली में एडीजी जोन कार्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन : एडीजी जोन कार्यालय में रविवार को होली मिलन समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पत्रकार शामिल हुए. सभी ने फूलों से होली खेली, एक-दूसरे को गुलाल के साथ पुष्पवर्षा करते हुए पर्व की शुभकामनाएं दीं.

 

इस मौके पर एडीजी रमित शर्मा ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया. कार्यक्रम में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर लोगोंं ने खूब तस्वीरें खिंचवाईं. इस दौरान डीआईजी अजीत कुमार साहनी, एसपी ट्रैफिक अकमल खान और एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी ग्रामीण मुकेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.

 

प्रयागराज में सनातनी किन्नर अखाड़े में होली उत्सव की शुरुआत : सनातनी किन्नर अखाड़े में पांच दिवसीय होली उत्सव की शुरुआत हो गई है. रविवार को किन्नर समुदाय ने जमकर होली खेली.

 

किन्नर समुदाय ने सबसे पहले अपने इष्ट देवता बहुचरा मां की पूजा अर्चना की. इसके बाद अबीर-गुलाल लगाकर आपस मे एक दूसरे को बधाइयां दीं. होली गीतों और भजनों पर झूमकर किन्नर समुदाय ने होली की खुशियां मनाईं.

 

आचार्य महामंडलेश्वर टीना मां का कहना है कि हम लोगों को सभी को संगठित होकर चलना चाहिए और समाज में भाईचारे की भावना से लोगों को रहना चाहिए. यह भाईचारे का त्यौहार है, इसको और अच्छी तरह से मनाना चाहिए.