BJP संगठन में इस महीने होंगे नए नियुक्ति, हजारों रिक्त पद जल्द भरने की तैयारी

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश इकाई में इस महीने बड़े संगठनात्मक बदलाव होने जा रहे हैं. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्पष्ट दावा किया है कि मार्च में पार्टी की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा. साथ ही निगमों, आयोगों और बोर्डों में हजारों खाली पदों को भरने की प्रक्रिया भी पूरी होगी. यह बदलाव 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी के मद्देनजर पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलेगी: पंकज चौधरी दिसंबर 2025 में उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने थे. उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि संगठन को चाक-चौबंद करने के लिए यह महीना निर्णायक होगा.

उन्होंने कहा कि संगठन में बड़े परिवर्तन लागू किए जाएंगे और हजारों खाली पदों को योग्य कार्यकर्ताओं से भर दिया जाएगा. यह बयान पार्टी के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिनमें नए चेहरों को मौका देकर संगठन में ताजगी लाई जा रही है.

मंडल-जिला स्तर पर बदलाव जारी: पंकज चौधरी के नेतृत्व में बीजेपी ने पहले ही जिला और मंडल स्तर पर बदलाव शुरू कर दिए हैं. फरवरी में ही 230 से अधिक नए मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई थी, जबकि 11 नए जिलाध्यक्षों के नाम भी जारी किए गए. अब सिर्फ तीन जिलों में फैसला बाकी है जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा. होली के बाद प्रदेश स्तर की नई कार्यकारिणी का ऐलान होने की संभावना है, जिसमें विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों में भी फेरबदल होगा.सामाजिक-जातीय संतुलन पर जोर: पंकज चौधरी महराजगंज से सात बार सांसद रह चुके हैं और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के रूप में भी सेवा दे चुके हैं. पार्टी नए लोगों को जगह देने के साथ ही क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर दे रही है. यह बदलाव इसलिए भी अहम हैं क्योंकि 2026 में पंचायत चुनाव और 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. लोकसभा चुनाव 2024 के बाद पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति अपनाई है.

2027 के महासमर की तैयारी: कुर्मी समाज से आने वाले पंकज चौधरी ने बताया कि इसी महीने सभी महत्वपूर्ण नियुक्तियों का निर्णय हो जाएगा. हजारों की संख्या में निगम, आयोग, नगर निगम और बोर्ड के पदों पर बीजेपी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा. इसके साथ ही विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी. इसके जरिए भारतीय जनता पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी.