कानपुर: शहर के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में हुई राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की समन्वयक बैठक में शुक्रवार को सीएम योगी पहुंचे. इसमें आरएसएस के प्रमुख अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों भी सम्मिलित हुए. दोपहर 1.10 बजे यह बैठक खत्म हो गई.
बता दें कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव व शहर के विकास को लेकर सीएम योगी की यह कानपुर की बैठक अहम मानी जा रही है. चर्चा है कि बैठक में आगामी चुनावी रणनीति को लेकर अहम चर्चा की गई है. इसमें संघ के भी सभी बड़े पदाधिकारी मौजूद रहे.
यहां जैसे ही बैठक शुरु हुई तो आरएसएस के विभिन्न अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सीएम से कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहतर हुई, अपराध पर काफी हद तक अंकुश लगा है. वहीं, ये भी कहा कि सूबे में शंकराचार्य मामले को लेकर चिंतन करना होगा. इसी तरह पुलिस और प्रशासनिक कार्यशैली को और सुदृढ़ बढ़ाने, जनता से अफसरों का संवाद बेहतर करने की बात भी पदाधिकारियों ने सीएम के समक्ष रखी.
यही नहीं, बैठक के दौरान भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कड़ा प्रहार करने को लेकर भी बात कही गई. पदाधिकारी बोले सरकार की ओर से यूपी को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए बहुत अच्छा काम किया जा रहा है.
इसी तरह साल 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पदाधिकारियों ने सीएम से कहा, वह एकजुट हैं और लोगों तक सरकार की योजनाओं व गतिविधियों की जानकारी पहुंचाएंगे. संघ और सरकार में किसी तरह का कोई विरोधाभास न रहे, इसके लिए सभी अपने स्तर से प्रयासरत हैं.
क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले, सभी क्षेत्रों की प्रगति पर हुई बात: बीजेपी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया, कि बैठक में जो पदाधिकारी मौजूद थे, उन्होंने सीएम योगी को अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति के विषय में बताया. क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा, कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भी मंथन किया गया. जिसके मायने निकाले जा रहे हैं. वहीं बैठक में यूजीसी बिल का मुद्दा भी छाया रहा.
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया बैठक में सीएम ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना. साथ हीं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में हर जिले की प्रगति को लेकर बात की. जिम्मेदार पदाधिकारियों ने सीएम को पूरा फीडबैक दिया. इसके अलावा कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई. जिसमें माना जा रहा है, यूजीसी बिल के मामले पर भी मंथन किया गया.
वहीं बैठक में आरएसएस के 100 साल पूरे होने पर आगामी गतिविधियों पर भी चर्चा की गयीं, संघ का विस्तार कैसे हो, इस बिंदु पर सभी ने अपने विचार रखे. सीएम योगी ठीक 11:15 बजे नवाबगंज स्थित पं. दीनदयाल स्कूल पहुँच गए थे और करीब दो घंटा 25 मिनट तक यहां रहने के बाद वो कानपुर में किदवई नगर विधानसभा से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी के आवास पर पहुंचे. यहां सीएम ने भाजपा विधायक के पुत्र व बहू को अपना आशीर्वाद दिया. कुछ दिनों पहले हीं भाजपा विधायक के पुत्र का विवाह कानपुर में हुआ था. इसके बाद सीएम योगी वापस लौट गए.