लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कार्यक्रम में 50 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. जहां CM योगी ने पुलिस की उपलब्धियों की सराहना की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि अराजक और बिगड़े हुए राज्य को अब सुरक्षित यूपी में बदल दिया गया है.
यूपी को सेफ यूपी के रूप में पहचाना जाता है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के बाद पहली बार लोकतंत्र में कानून-व्यवस्था चुनाव का बड़ा मुद्दा बनी. 2017 से 2022 के बीच यूपी पुलिस ने जो मेहनत की उसके परिणामस्वरूप एक दंगाग्रस्त, कर्फ्यूग्रस्त और अराजक राज्य को पूरी तरह बदल दिया गया. अब यूपी को सेफ यूपी के रूप में पहचाना जाता है.
मुख्यमंत्री योगी ने जोर देकर कहा कि कोई सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा सत्ता में आई है. यह पुलिस की इसी मेहनत और बेहतरीन प्रदर्शन का नतीजा है. ये 50 QRT वाहन पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और तेज बनाने के लिए दिए गए हैं. इनका इस्तेमाल आपात स्थिति, अपराध की सूचना मिलने पर फौरन पहुंचकर कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किया जाएगा.
सुरक्षा और विकास दोनों साथ-साथ आगे बढ़े हैं: उन्होंने कहा कि खासकर सीमावर्ती जिलों में इन वाहनों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी. कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य सचिव एसपी गोयल, डीजीपी राजीव कृष्ण, एसीएस संजय प्रसाद, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश आदि शामिल थे. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर यूपी पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि 2017 के बाद से राज्य में सुरक्षा और विकास दोनों साथ-साथ आगे बढ़े हैं.
पुलिस अब और बेहतर तरीके से काम कर पाएगी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुरक्षा मजबूत होने से ही निवेश और विकास संभव होता है. ये नए QRT वाहन पुलिस बल को और सशक्त बनाएंगे, जिससे आम नागरिकों को अधिक सुरक्षित महसूस होगा.यह कदम यूपी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हिस्सा है, जो अपराधियों पर सख्ती और आम लोगों की सुरक्षा पर जोर देती है. कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों ने भी CM योगी के प्रयासों की तारीफ की और कहा कि पुलिस अब और बेहतर तरीके से काम कर पाएगी.