आगरा: सीएम योगी शनिवार सुबह आगरा पहुंच गए हैं. वह करीब साढे घंटे से अधिक समय तक रुकेंगे. सीएम योगी ताजनगरी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक में शामिल हो रहे हैं. जो आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन की मजबूती के लिहाज से बेहद अहम बैठक है. सीएम योगी के साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी मौजूद हैं. इसके साथ ही वह एक निजी सुपर स्पेशिलियटी हॉस्पिटल का शुभारंभ भी करेंगे.
बता दें कि आगरा में शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे आरएसएस की अहम बैठक में भाग लेने सीएम योगी पहुंच गए हैं. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है. इस बैठक में क्षेत्रीय प्रचारक, प्रांत प्रचारक और प्रांत संघ चालक सहित लगभग 30 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं. मुख्यमंत्री के साथ बैठक में संघ के सामाजिक, सेवा और वैचारिक कार्यों की समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही आगामी कार्ययोजनाओं पर गहन मंथन चल रहा है.
इस बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव है. जिसमें संघ और भाजपा नेतृत्व प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने की रणनीति पर चर्चा की जा रही है. इसके अतिरिक्त, संघ के शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखकर व्यापक सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है. सीएम योगी आज आगरा में करीब साढे तीन घंटे तक रुकेंगे. दोपहर 1.50 बजे वह मथुरा के लिए रवाना हो जाएंगे.