सहारनपुर में रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल गिरफ्तार; एंटी-करप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ा, 15 हजार रुपये मांगने का आरोप

सहारनपुर : एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को एक बार बड़ी कार्रवाई की है. एंटी करप्शन टीम ने थाना मंडी इलाके में खाता खेड़ी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पीड़ित की शिकायत पर टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की है. आरोप है कि मुकदमे से नाम हटाने को लेकर सिपाही ने पीड़ित से 20 हजार रुपये की मांग की थी.

पीड़ित के भाई इमरान का आरोप है कि थाना मंडी इलाके की खाता खेड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र में एक मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था. जिसमें भाई को बिना कसूर के वादी बनाया गया था. आरोप है कि चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार रिश्वत की मांग कर रहे थे. परिजनों का आरोप है कि सिपाही ने मुकदमे से नाम हटाने के नाम पर पीड़ित से 20 हजार रुपये की मांग की थी, जिसके बाद 15 हजार रुपये में सौदा हो गया था.

वहीं पीड़ित ने इसकी शिकायत सहारनपुर एंटी करप्शन विभाग में कर दी थी, जिसके बाद एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोर सिपाही को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था. योजना के तहत बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने पीड़ित को केमिकल लगे 15 हजार रुपये के नोट देकर सिपाही के पास भेज दिया था, जैसे ही आरोपी सिपाही ने 15 हजार रुपये लिये पीछे से एंटी करप्शन टीम ने सिपाही को रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया.एंटी करप्शन टीम के प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि अचानक हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया. एंटी-करप्शन टीम आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर थाना सदर बाजार ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है. टीम मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है.