आज अलविदा की नमाज, लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन लागू; इन रास्तों से करें सफर

लखनऊ : रमजान के आखिरी जुमे यानी अलविदा के अवसर पर शुकवार को लखनऊ के पुराने शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी. बड़े इमामबाड़े की आसिफी मस्जिद और टीले वाली मस्जिद में होने वाली नमाज के दौरान सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने कड़ा डायवर्जन प्लान लागू किया है. शुक्रवार दोपहर 12 बजे से नमाज संपन्न होने तक सीतापुर रोड, हरदोई रोड और चौक क्षेत्र से इमामबाड़े व पक्के पुल की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर सामान्य आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.

 

आपातकालीन सेवाओं के लिए छूट : डीसीपी यातायात कमलेश दीक्षित ने बताया कि डायवर्जन के बावजूद एम्बुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहन को किसी भी प्रतिबंध से मुक्त रखा जाएगा. चिकित्सीय अपरिहार्यता की स्थिति में इन्हें प्रतिबंधित मार्गों पर भी जाने की अनुमति होगी.

 

ट्रैफिक हेल्पलाइन : किसी भी समस्या या जानकारी के लिए नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं.

 

 

प्रमुख डायवर्जन मार्ग

 

सीतापुर रोड से आने वाले वाहन : डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग तिराहे से पक्के पुल की ओर नहीं जा सकेंगे. यह यातायात निरालानगर और आईटी चौराहा होकर गुजरेगा.

 

हरदोई रोड/बालागंज से आने वाले वाहन : कोनेश्वर मंदिर चौराहे से बड़ा इमामबाड़ा की ओर प्रवेश वर्जित रहेगा. वाहन चौक चौराहा और मेडिकल कॉलेज की ओर डायवर्ट किए जाएंगे.

 

चौक व कोनेश्वर क्षेत्र : कोनेश्वर चौराहे से घंटाघर और बड़े इमामबाड़े की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा. नींबू पार्क के पीछे बने नए पुल का उपयोग किया जा सकेगा.

 

शाहमीना तिराहा : यहां से पक्का पुल (टीले वाली मस्जिद) की ओर जाने वाले वाहनों को मेडिकल कॉलेज या डालीगंज पुल की ओर मोड़ दिया जाएगा.

 

डालीगंज पुल : यहां से सीतापुर रोड जाने वाली रोडवेज और सिटी बसें पक्के पुल के बजाय आईटी और कपूरथला होकर जाएंगी.

 

नींबू पार्क और रूमी गेट क्षेत्र में पाबंदी

 

नींबू पार्क ओवरब्रिज से उतरने वाले वाहन रूमी गेट की तरफ नहीं जा सकेंगे. उन्हें चरक चौराहा या चौक की ओर जाना होगा. इसी तरह मेडिकल क्रॉस (कमला नेहरू) से फूलमंडी की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद रहेगा.