रक्षामंत्री करेंगे ग्रीन कॉरिडोर के सेकेंड फेज का लोकार्पण, तीसरे-चौथे चरण का भी होगा शिलान्यास

लखनऊ: केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शहरवासियों को बड़ी सौगात देंगे. शुक्रवार को ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का लोकार्पण और तीसरे-चौथे चरण के कार्य का शिलान्यास रक्षा मंत्री करेंगे. यह कार्यक्रम झूलेलाल वाटिका में शाम 4:30 बजे आयोजित है.

 

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि 100 करोड़ रुपए की लागत से ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण 11 मार्च 2024 को किया गया था. 6.8 किलोमीटर लंबा यह पुल IIM रोड से पक्का पुल तक बना है.

 

अब 13 मार्च को 299 करोड़ रुपए की लागत से परियोजना के दूसरे चरण का लोकार्पण किया जाएगा. इस चरण में डालीगंज से निशातगंज होते हुए समता मूलक चौक तक का हिस्सा शामिल है.

 

लगभग 7 किलोमीटर लंबे इस पुल के खुलते ही हजरतगंज, डालीगंज और निशातगंज जैसे घनी आबादी वाले और व्यस्ततम क्षेत्रों में लगने वाले भीषण जाम से बड़ी राहत मिलेगी.

 

उन्होंने बताया कि 1220 करोड़ रुपए की लागत से 13 मार्च को ही इस परियोजना के तृतीय और चतुर्थ चरण का शिलान्यास किया जाएगा. पिपराघाट से किसान पथ को जोड़ेगा.

 

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर के शुरू होने से शहर की यातायात व्यवस्था तेज और सुविधाजनक होगी. पहले जिस दूरी को तय करने में घंटों लगते थे, वह अब मिनटों में पूरी की जा सकेगी.

 

अब वाहन चालक बिना किसी सिग्नल की बाधा के सीधे रिवर फ्रंट के किनारे से गोमती नगर और समता मूलक चौक तक पहुंच सकेंगे. इस परियोजना से करीब 15 लाख अधिक लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा.

LDA सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत कॉरिडोर के एलाइनमेंट में आने वाले 166 पेड़ों को काटने के बजाय उनका प्रत्यारोपण किया गया है, जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहेगा.

 

ग्रीन कॉरिडोर के आसपास आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे नए निवेश और रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे.

 

रक्षा मंत्री का कार्यक्रम

 

केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह कल सुबह 10: 30 बजे सिटी मोंटसरी गोल्फ सिटी शाखा का उद्घाटन करेंगे.

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 2:30 बजे समता मूलक चौराहा (सेंट्रल एकेडमी स्कूल) के पास ग्रीन कॉरिडोर का शुभारंभ करेंगे और उसका अवलोकन करेंगे.

ग्रीन कॉरिडोर अवलोकन के बाद तीन बजे झूलेलाल वाटिका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करेंगे.

मराठी समुदाय ने की रक्षा मंत्री से मुलाकात: लखनऊ के ऐतिहासिक चौक चौराहे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित कराने को लेकर मराठी समाज उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की.

 

अध्यक्ष उमेश पाटील ने बताया कि हमारी बातों को रक्षामंत्री ने सुना और निकट भविष्य में उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया है. मुलाकात में शामिल प्रमुख सदस्यों में समाज के संस्थापक अध्यक्ष उमेश पाटील, वरिष्ठ महामंत्री गजानन माने पाटील, संरक्षक भानुदास पाटील, अवधेंद्र पांडेय और उपाध्यक्ष दिनेश जोशी रहे.