प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15-16 मार्च को इन जिलों में बारिश का अलर्ट; धुंध से मिलेगी राहत

लखनऊ:उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते कई दिनों से धुंध व कोहरे की समस्या से बृहस्पतिवार को लगभग निजात मिली। हालांकि कुछ तराई व पश्चिमी जिलों में अभी भी सुबह के समय हल्की धुंध रही।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि यूपी में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।

 

इसके असर से तराई व पूर्वांचल में 15 व 16 मार्च को गरज चमक और तेज हवा के झोंके के साथ बारिश की संभावना है। इसके असर से दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट के संकेत हैं। शुक्रवार से धुंध में प्रभावी रूप से कमी आएगी।

धुंध छंटते ही बढ़ी तपिश, तापमान 35 डिग्री के पार

राजधानी में बृहस्पतिवार को सुबह धुंध और कोहरे से निजात रही। दिन चढ़ने के साथ धूप खिली और अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार चला गया। 35.3 डिग्री सेल्सियस के साथ बृहस्पतिवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। वहीं, नमी भरी पूर्वा हवाओं की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी महसूस हुई।

 

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि 13 व 14 मार्च को तापमान बढ़ेगा। इसके बाद 15 व 16 मार्च को विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही हो सकती है। साथ ही दिन व रात के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना बनेगी। बृहस्पतिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 1 डिग्री की बढ़त के साथ 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री की गिरावट के साथ 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।