लखनऊ:यूपी में मौसम बदल गया है। रविवार की सुबह से ही तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में देर रात हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने पहले ही रविवार की सुबह से मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया था। उधर पश्चिम यूपी के कई जिलों में सुबह अच्छी बरसात हुई। गाजियाबाद, नोएड़ा, हापुड़ जिले के कई इलाकों में बारिश हुई।
शनिवार से मिलने लगी थी राहत
मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। पिछले दिनों अप्रैल जैसी गर्मी महसूस कर रहे लोगों को तापमान में गिरावट के बाद शनिवार को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में गिरावट रविवार को भी जारी रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र में रविवार और सोमवार को हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। शुक्रवार को बांदा में तापमान 40 डिग्री से पार पहुंच गया था जो शनिवार को घटकर 38.4 डिग्री पर आ गया। प्रदेश में रविवार को तापमान में और कमी आने के आसार हैं।