वाराणसी: जनता को जनसुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के लिए वाराणसी नगर निगम अब अत्याधुनिक तकनीक का समावेश कर रहा है. गृहकर, जलकर और सीवरकर की वसूली और सूचना तंत्र को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से निगम जल्द ही AI चैटबॉट (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) सेवा शुरू करने जा रहा है. इस हाईटेक व्यवस्था के लागू होने के बाद अब भवन स्वामियों को अपने टैक्स बिल या नोटिस के लिए निगम के कर्मचारियों का इंतजार नहीं करना होगा.
यह AI आधारित सिस्टम सीधे भवन स्वामी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से डिमांड नोटिस और कर संबंधी सूचनाएं ऑटोमैटिक भेज देगा.
चैटबॉट इस्तेमाल करने वाला यूपी का पहला नगर निगम: सबसे बड़ी बात यह है कि वाराणसी नगर निगम उत्तर प्रदेश का पहला निगम होगा जो इस तरह के चैटबॉट का इस्तेमाल करने जा रहा है. निगम के इस क्रांतिकारी कदम से शहर के लगभग 2.32 लाख से अधिक भवन स्वामियों को सीधा लाभ मिलेगा. वर्तमान में कंप्यूटरीकृत बिल मैनुअल तरीके से भेजे जाते हैं, जिसमें अक्सर भवन स्वामियों को समय पर नोटिस न मिलने की शिकायत रहती है. इस विरोधाभासी स्थिति और आपसी खींचतान को खत्म करने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने एआई तकनीक का सहारा लेने का निर्णय लिया है.
डिजिटल नोटिस और द्विपक्षीय संवाद की सुविधा: नगर आयुक्त ने बताया कि इस चैटबॉट को तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है और इसे एक माह के भीतर पूरी तरह विकसित कर लिया जाएगा. लक्ष्य है कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 से शत-प्रतिशत नोटिस डिजिटल माध्यम से भेजे जाएं ताकि शिकायतों की कोई गुंजाइश ही न रहे. इस ‘एआई चैटबॉट’ की सबसे बड़ी विशेषता इसकी द्विपक्षीय संवाद (टू-वे कम्युनिकेशन) क्षमता होगी. यदि किसी भवन स्वामी के कर निर्धारण या बिल में कोई संशोधन किया जाता है, तो उसकी तत्काल सूचना और संशोधित बिल भी व्हाट्सएप पर पहुंच जाएगा.
स्मार्ट डिजिटल असिस्टेंट और 24 घंटे सेवा: भवन स्वामी टैक्स संबंधित कोई भी शिकायत या आपत्ति इसी चैटबॉट के माध्यम से घर बैठे दर्ज करा सकेंगे. यह सिस्टम न केवल शिकायत दर्ज करेगा, बल्कि उसके समाधान के बारे में भी समय-समय पर अपडेट देता रहेगा. चैटबॉट एक ‘स्मार्ट डिजिटल असिस्टेंट’ की तरह काम करेगा, जो प्रॉपर्टी आईडी डालते ही बकाया टैक्स की जानकारी दे देगा. यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक किसी भी समय अपनी रसीदें डाउनलोड कर सकेंगे और भुगतान के लिंक प्राप्त कर सकेंगे.