यूपी में BJP का संगठन विस्तार, कई कार्यकर्ताओं का बढ़ा कद

कानपुर/फर्रुखाबाद: शहर में बीजेपी की नई टीम की घोषणा कई सालों के बाद हुई है. प्रदेश नेतृत्व से संगठन की पूरी टीम की सूची जारी हो गई है. उत्तर और दक्षिण की इस सूची में कई कार्यकर्ताओं का कद बढ़ाया गया है. वहीं, फर्रुखाबाद में भी भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कार्यकारिणी घोषित की गई है.

कहां किसका पलड़ा भारी: उत्तर जिले की सूची में जहां भाजपा सांसद रमेश अवस्थी, वरिष्ठ नेता सुरेश अवस्थी का पलड़ा भारी रहा. वहीं दक्षिण में विधानसभा अध्यक्ष के प्रभाव का सूची में असर दिखा. कई कार्यकर्ताओं का जहां कद बढ़ाया गया, तो वहीं कई ऐसे चेहरों को तवज्जो मिली, जो सालों से पदाधिकारी बनने की राह ताक रहे थे. दरअसल, मौजूदा एक साल से भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित पुराने कार्यकर्ताओं की टीम के साथ काम कर रहे थे जबकि उनसे पहले डेढ़ साल तक जिलाध्यक्ष रहे दीपू पांडेय भी अपनी टीम नहीं बना पाए थे.

किसे कौन सी कमान मिली: हालांकि, जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पंकज चौधरी ने कमान संभाली थी, उसके बाद से लगातार ये कहा जा रहा था कि जल्द ही कार्यकर्ताओं की नई टीम बनेगी. वहीं, शनिवार सुबह से ही शहर में सूची जारी होने की जो चर्चा थी, वो देर शाम तक सच साबित हो गई. उत्तर जिले में अभी तक युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रहे शिवांग मिश्रा को जहां भाजपा की मुख्य टीम में जिला उपाध्याक्ष बनाया गया, तो वहीं युवा मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद विश्वकर्मा को भी जिला महामंत्री का जिम्मा मिला. इसी तरह अभी तक जिला मंत्री के पद पर काम करते रहे अभिनव दीक्षित को भी पार्टी ने जिला महामंत्री बना दिया. मंडल अध्यक्ष वात्सेय त्रिपाठी को जिला मंत्री बनाया गया. इसी तरह युवा मोर्चा कार्यकर्ता रहे प्रशांत त्रिपाठी को जिला सह मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया.

दक्षिण में कई कार्यकर्ताओं का बढ़ा कद: दक्षिण क्षेत्र में अभी तक युवा मोर्चा का बड़ा चेहरा रहे शशांक मिश्रा को मेन टीम में जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। इसी तरह युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रहे अंकित गुप्ता को भी जिला उपाध्यक्ष का जिम्मा सौंपा गया। इसी तरह दक्षिण में कई कार्यकर्ताओं को भी नई जिम्मदेारी सौंपी गई है. उत्तर व दक्षिण जिले की सूची की पुष्टि क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने की.

फर्रुखाबाद में भी नई कार्यकारिणी घोषित: फर्रुखाबाद जिला में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने शनिवार को जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी. जिलाध्यक्ष द्वारा जारी सूची के मुताबिक, जिला उपाध्यक्ष पद पर वीरेन्द्र कठेरिया, अनुराग दुबे, रश्मि दुबे, सर्वेश कुशवाहा, जितेन्द्र सिंह, अश्नील दिवाकर, संदेश राजपूत और अभिषेक बाथम को जिम्मेदारी सौंपी गई है. महामंत्री पद पर अमरदीप दीक्षित, हिमांशू गुप्ता और गोपाल राठौर को नियुक्त किया गया है. जिला मंत्री के रूप में अनुराग सिंह, अनूप पाल उर्फ पंकज पाल, शिवमोहन सिंह, मनोज गंगवार, अभिषेक बाजपेई, श्वेता दुबे, प्रतिभा राजपूत और हिना दुबे को शामिल किया गया है. संजीव गुप्ता को जिला कोषाध्यक्ष व जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, पीयूष त्रिपाठी को मीडिया सह-प्रभारी, आईटी सेल का संयोजक रजनीश मिश्रा को बनाया गया है.