नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,03,700 करोड़ रुपये का बजट पेश किया. इस बार बजट की थीम ‘ग्रीन बजट’ रखी गई है, जिसमें विकास के साथ-साथ पर्यावरण को बचाने पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि अब दिल्ली ‘फ्रीबीज’ (मुफ्त सुविधाओं) के कल्चर से बाहर निकलकर बुनियादी ढांचे और पर्यावरण पर निवेश कर रही है.
बजट की 5 बड़ी बातें:
ग्रीन दिल्ली पर फोकस: कुल बजट का 21% हिस्सा (लगभग 21,777 करोड़ रुपये) विशेष रूप से पर्यावरण और ग्रीन पहलों के लिए आवंटित किया गया है.
शिक्षा और स्वास्थ्य टॉप पर: शिक्षा को 19,326 करोड़ (18.64%) और स्वास्थ्य क्षेत्र को 13,034 करोड़ (12.57%) रुपये दिए गए हैं.
महिलाओं के लिए ‘पिंक’ रोजगार: 1,000 महिलाओं को मुफ्त ई-ऑटो परमिट दिए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सके.
धूल मुक्त सड़कें: दिल्ली की सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए 1,392 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
बिजली और पानी: ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के जरिए दिल्ली को ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनाया जाएगा. दिल्ली जल बोर्ड को 9,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने शहर के बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए कई बड़े ऐलान किए. कालकाजी से मोदी मिल फ्लाईओवर के विस्तार और सावित्री सिनेमा तिराहे पर नए फ्लाईओवर को मंजूरी दी गई है, जिस पर 371 करोड़ खर्च होंगे. नजफगढ़ नाले के किनारे 54 किमी लंबी सड़क बनाई जाएगी. आसमान में लटकते बिजली के तारों से मुक्ति दिलाने के लिए तारों को अंडरग्राउंड करने हेतु 200 करोड़ का प्रावधान है.
एमसीडी को मिला भारी फंड
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के लिए सरकार ने खजाना खोल दिया है. एमसीडी को 11,266 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है. इसमें से 1,000 करोड़ रुपये विशेष रूप से सड़कों के सुधार के लिए होंगे.
पर्यावरण के लिए ‘सोलर’ और ‘साइकिल’ का मेल
बजट में यमुना के किनारे साइकिल ट्रैक विकसित करने और नालों के ऊपर सोलर पैनल लगाने जैसी नई योजनाएं शामिल हैं. इससे न केवल बिजली पैदा होगी, बल्कि नालों में कचरा गिरने से भी रुकेगा. बजट पेश करते हुए सीएम ने तंज करते हुए बजट पेश करते हुए कहा, “पिछली सरकारों की वोट बैंक की राजनीति ने दिल्ली के राजस्व को नुकसान पहुंचाया, लेकिन हमारी ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार अब दिल्ली को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है.
बजट भाषण खत्म होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज बम की धमकी संबंधित मेल की जानकारी सदस्यों के साथ साझा की और कहा कि उन्होंने तुरंत जांच के बाद सदन का कामकाज समय से शुरू हुआ. सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
बजट का गणित (करोड़ रुपये में):
कुल आवंटन: 1,03,700
शिक्षा: 19,326
स्वास्थ्य: 13,034
परिवहन व सड़कें: 12,613
शहरी विकास: 11,572
जल आपूर्ति: 9,000